
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने 2018 के सैंडपेपरगेट विवाद को लेकर उस्मान ख्वाजा की किताब सब्र में किए गए दावों पर एक बार फिर खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की है। सिडनी में करीब एक घंटे तक चली लंबी प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कमिंस ने खुलासा किया कि ख्वाजा के इस रवैये से उनकी पत्नी बेकी भी बेहद आहत हैं। इसके साथ ही कमिंस ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे उस वीडियो की सच्चाई भी बताई जिसमें वे और उनकी पत्नी घर के बाहर काफी तीखे अंदाज में बातचीत करते नजर आ रहे थे।
बेकी के साथ नहीं हो रहा था झगड़ा – वायरल वीडियो पर लग रही आपसी अनबन की अटकलों को खारिज करते हुए कमिंस ने साफ किया कि उनके और बेकी के बीच कोई झगड़ा नहीं हो रहा था, बल्कि बेकी उस्मान ख्वाजा के बयानों से बेहद निराश थीं। अपने घर के बाहर कैमरों की मौजूदगी पर नाराजगी जताते हुए कमिंस ने कहा, ‘यह आधा बहुत हास्यास्पद है और आधा बेतुका। बेकी अपने जज्बात खुलकर जाहिर करती हैं। हम साढ़े आठ साल पहले सुलझ चुके मामले पर बात कर रहे हैं और आज जब मैं अपनी बेटी को उसके नैपी में घर के बाहर टहला रहा हूं तो कैमरे मेरा और मेरे परिवार का पीछा कर रहे हैं। मेरे लिए यह थोड़ा बेतुका है। हमारे बीच कोई कहासुनी नहीं हुई थी, बेकी उस्मान से बहुत निराश और नाखुश थीं।’
उस्मान ख्वाजा के बयान से बवाल – कमिंस ने आगे बताया कि प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले उनकी पत्नी ने ही उन्हें अपनी भावनाएं छिपाने के बजाय खुलकर सच बोलने के लिए प्रेरित किया था। बेकी की सलाह का जिक्र करते हुए ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने कहा, ‘उन्होंने मुझसे बस यही कहा कि अपनी भावनाएं दिखाओ क्योंकि ऐसे बहुत से लोग हैं जिन्हें इस बात से ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा कि ईमानदार रहो और पूरी बात बताओ। मैं उस दौरे से पहले से बेकी के साथ हूं और वे हमेशा मेरे साथ खड़ी रही हैं।’
यह पूरा विवाद उस्मान ख्वाजा की किताब सब्र में लिखे उन अंशों के बाद भड़का है जिसमें उन्होंने इशारा किया था कि मार्च 2018 के केपटाउन टेस्ट में सैंडपेपर के इस्तेमाल की जानकारी केवल स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और कैमरन बैनक्रॉफ्ट तक सीमित नहीं थी। टीम को सब कुछ पता होने के ख्वाजा के दावे को पूरी तरह खारिज करते हुए कमिंस ने दो टूक कहा, ‘जब वे कहते हैं कि हम सबको पता था, अगर उनका मतलब यह है कि हम सबको सैंडपेपर के इस्तेमाल की जानकारी थी, तो मुझे पूरा यकीन है कि यह 100 फीसदी गलत है।’
Home / Sports / भयंकर तू तू-मैं मैं, वीडियो भी हो गया लीक, पैट कमिंस ने कहा- लड़ नहीं रहे थे, मेरी पत्नी उस्मान ख्वाजा से नाराज थीं
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website