Saturday , November 14 2026 5:44 PM
Home / Business & Tech / क्या ईथरनेट केबल लगाने के बाद WiFi बंद कर देना चाहिए, इससे इंटरनेट स्पीड पर असर होता है?

क्या ईथरनेट केबल लगाने के बाद WiFi बंद कर देना चाहिए, इससे इंटरनेट स्पीड पर असर होता है?


कंप्यूटर या लैपटॉप में ईथरनेट केबल कनेक्ट करते ही सिस्टम अपने आप वाई-फाई छोड़कर केबल वाले इंटरनेट पर स्विच हो जाता है, इसलिए वाई-फाई को बंद करने की जरूरत नहीं होती। हालांकि, अगर आपको फिर भी केबल इंटरनेट इस्तेमाल करने में दिक्कत आ रही है तो सेटिंग्स में कुछ बदलाव कर सकते हैं।
अगर आप अपने डिवाइस में सीधे ईथरनेट केबल जोड़ते हैं, तो आपको वाई-फाई की तुलना में तेज इंटरनेट स्पीड और कम लेटेंसी मिलती है। ऑनलाइन गेमिंग करने वालों और भारी फाइलें डाउनलोड या शेयर करने वालों के लिए यह सबसे बेहतरीन ऑप्शन होता है। अक्सर लोग ईथरनेट केबल लगाते ही वाई-फाई को बंद कर देते हैं। उनको लगता है कि इससे इंटरनेट की स्पीड़ कम हो जाती है। लेकिन इस बात में कितनी सच्चाई है, आइये जानते हैं।
वाई-फाई बंद करने की नहीं है जरूरत- दरअसल, जैसे ही आप अपने कंप्यूटर या लैपटॉप में ईथरनेट केबल लगाते हैं, आपका डिवाइस अपने आप वाई-फाई को छोड़कर केबल वाले इंटरनेट पर शिफ्ट हो जाता है। कंप्यूटर का सिस्टम इसी तरह डिजाइन किया जाता है कि वह वाई-फाई की जगह केबल वाले कनेक्शन को प्रायोरिटी दे। इसलिए, केबल लगाने के तुरंत बाद आपको अलग से वाई-फाई बंद करने की कोई जरूरत नहीं होती है। इससे इंटरनेट की स्पीड़ वायर्ड कनेक्शन के जरिए मिलने वाली स्पीड पर निर्भर करती है।
इंटरनेट अपने आप वायर्ड कनेक्शन पर शिफ्ट हो जाता है। हालांकि, आप चाहें तो इसे बंद कर सकते हैं। लेकिन आपको यह भी ध्यान रखना होगा कि कुछ कंप्यूटर्स में वाई-फाई बंद करने से उस पर काम करने वाले फीचर्स भी डिसेबल हो सकते हैं।
मान लीजिए अगर आप मैकओएस पर ईथरनेट का इस्तेमाल करते समय वाई-फाई को बंद कर देते हैं, तो आप एयरड्रॉप का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे। इसलिए, वाई-फाई को चालू ही रहने दें। इंटरनेट कनेक्टिविटी के लिए कंप्यूटर अपने आप ईथरनेट पर स्विच हो जाएगा।
कभी-कभी आ सकती है दिक्कत – कभी-कभी ऐसा हो सकता है कि ईथरनेट केबल लगी होने के बावजूद आपका कंप्यूटर वाई-फाई से कनेक्ट हो जाए। लेकिन, ऐसा बहुत कम होता है। ऐसे में आप विंडोज को इस तरह सेट कर सकते हैं कि वायर्ड कनेक्शन जुड़ते ही वाई-फाई अपने आप बंद हो जाए।
विंडोज के लिए अपनाएं यह तरीका
इसके लिए कंट्रोल पैनल ओपन करें।
फिर नेटवर्क एंड इंटरनेट सिलेक्ट करें।
नेटवर्क एंड शेयरिंग सेंटर पर क्लिक कर दें।
फिर राइट साइड में चेंज एडाप्टर सेटिंग्स सिलेक्ट करें।
अब यहां, अपने वाई-फाई नेटवर्क एडाप्टर पर राइट-क्लिक करें। प्रॉपर्टीज सिलेक्ट करें और फिर कॉन्फिगर पर क्लिक करें। एडवांस्ड टैब पर जाएं। लिस्ट में से डिसेबल अपॉन वायर्ड कनेक्ट सिलेक्ट करके इसे इनेबल कर दें।
अब जब भी आप ईथरनेट कनेक्शन कनेक्ट करेंगे तो विंडोज अपने आप वाई-फाई को बंद कर देगा, जिससे दोनों के बीच कोई दिक्कत नहीं आएगी। ध्यान दें कि यह ऑप्शन हर वाई-फाई एडाप्टर में नहीं होता, इसलिए हो सकता है कि आपको यह ना दिखे।
मैकबुक के लिए फॉलो करें ये स्टेप्स – macOS पर इसके स्टेप्स थोड़े अलग हैं। आपको सेटिंग्स ओपन करके नेटवर्क में जाना होगा फिर थ्री डॉट मेनू पर क्लिक करें और सेट सर्विस ऑर्डर सिलेक्ट कर लें। अब आपको सभी नेटवर्क सर्विस दिखाई देंगी। ईथरनेट को ड्रेग करके सबसे ऊपर ले आएं। फिर किए गए चेंज को सेव कर लें। इन आसान तरीकों से, आप वाई-फाई को मैन्युअल रूप से बंद किए बिना अपने कंप्यूटर पर ईथरनेट को प्रायोरिटी दे पाएंगे।