Friday , November 13 2026 11:28 PM
Home / Sports / बुरी तरह फ्लॉप हुई टीम इंडिया, चौथे वनडे में मिली कभी न भूलने वाली हार

बुरी तरह फ्लॉप हुई टीम इंडिया, चौथे वनडे में मिली कभी न भूलने वाली हार


अलोक गुप्ता, माउंट मनगनुई | न्यूजीलैंड ने भारत को 244 रन से हरा दिया है। चौथे वनडे में जीत के साथ ही कीवी टीम ने 5 वनडे की सीरीज में वापसी करते हुए स्कोर 2-1 कर दिया है। अब कीवी टीम के पास पांचवां और आखिरी मैच जीतकर सीरीज ड्रॉ कराने का मौका रहेगा। 334 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई। भारत की शुरुआत इतनी खराब रही कि टीम ने पहले ही ओवर में बिना कोई रन बनाए तीन विकेट गंवा दिए। मैट हेनरी ने रोहित शर्मा , विराट कोहली और कप्तान श्रेयस अय्यर को पवेलियन भेजकर भारतीय खेमे में खलबली मचा दी।
न्यूजीलैंड ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में सभी 10 विकेट खोकर 333 रन बनाए। इसके जवाब में टीम इंडिया 89 रन पर सिमट गई और 244 रन से मैच हार गई। यह वनडे क्रिकेट के इतिहास में भारत की दूसरी सबसे बड़ी हार है। रनों के लिहाज से भारत की सबसे बड़ी हार श्रीलंका के खिलाफ 245 रन की है। इस मैच में भारत सिर्फ एक रन से शर्मनाक हार की बरापर करने से बच गया।
हेनरी ने पहले ओवर में ही तोड़ी भारत की कमर – मैट हेनरी ने भारतीय पारी के पहले ओवर में ही मैच का रुख न्यूजीलैंड की तरफ मोड़ दिया। उन्होंने पहली ही गेंद पर रोहित शर्मा को आउट किया। इसके बाद विराट कोहली को बोल्ड कर दिया। ओवर की आखिरी गेंद पर श्रेयस अय्यर एलबीडब्ल्यू हो गए। इस तरह भारत का स्कोर बिना कोई रन बनाए 3 विकेट हो गया। वनडे क्रिकेट के इतिहास में भारतीय टीम की यह सबसे खराब शुरुआत रही। भारत ने इससे पहले 1983 में 9 रन पर 4 विकेट गंवाए थे। इस मैच में भी ऐसा ही हुआ। हेनरी ने 6 और मैथ्यू फिशर ने 3 विकेट लिए।
विल यंग के शतक से न्यूजीलैंड ने बनाया 333 रन का स्कोर – इससे पहले न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 333 रन बनाए थे। टीम के लिए विल यंग ने शानदार शतकीय पारी खेली। उन्होंने 125 रन बनाए। यह उनके वनडे करियर का पांचवां शतक और भारत के खिलाफ पहला शतक था। यंग को टिम सीफर्ट का अच्छा साथ मिला। सीफर्ट ने 58 रन की पारी खेली। दोनों ने न्यूजीलैंड को शानदार शुरुआत दिलाई। इसके बाद फिन एलेन ने 41 रन की पारी खेलकर यंग का अच्छा साथ दिया। अंत में पुछल्ले बल्लेबाजों के योगदान से कीवी टीम 50 ओवर में 333 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।
भारत की बल्लेबाजी पूरी तरह फ्लॉप – 334 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय बल्लेबाजी ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। शुरुआती तीन झटकों के बाद टीम दबाव से उबर नहीं सकी और लगातार विकेट गंवाती रही। मैट हेनरी की अगुआई में न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने भारतीय बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। आखिरकार भारत की पूरी टीम 89 रन पर ढेर हो गई और न्यूजीलैंड ने मुकाबला 244 रन से अपने नाम कर लिया। सिर्फ तीन भारतीय बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा छू सके। ईशान किशन ने सबसे ज्यादा 27 रन बनाए। अक्षर पटेल और नमन धीर ने 21-21 रन की पारी खेली।