Monday , November 16 2026 4:58 PM
Home / Sports / U19 एशिया कप: भारत का वो खिलाड़ी जिसने बिना खेले ही पूरे पाकिस्तान को हिला डाला, मोहम्मद यूसुफ को भी लगी मिर्ची

U19 एशिया कप: भारत का वो खिलाड़ी जिसने बिना खेले ही पूरे पाकिस्तान को हिला डाला, मोहम्मद यूसुफ को भी लगी मिर्ची


अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल में भारत ने आखिरी गेंद पर पाकिस्तान को हराया और एक विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की। टीम इंडिया की जीत के बाद सभी खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ ड्रेसिंग रूम से दौड़ पड़े। अधिकतर खिलाड़ी मोहित उल्वा के पास पहुंचे, जिन्होंने आखिरी गेंद पर चौका लगाकर टीम को जीत दिलाई थी। हालांकि, यशवीर गौड़ सीधे पाकिस्तानी विकेटकीपर जुबैर हमजा के सामने पहुंचे और उन्हें चिढ़ाते हुए जश्न मनाने लगे। इसके बाद टीम के अन्य खिलाड़ी भी पाकिस्तानियों को चिढ़ाने लगे। सपोर्ट स्टाफ उन्हें शांत कराया।
यशवीर गौड़ फाइनल मैच में प्लेइंग 11 का हिस्सा भी नहीं थे, लेकिन इस घटना से बाद से भारत और पाकिस्तान में खासे लोकप्रिय हो चुके हैं। दोनों देशों के क्रिकेट फैंस के दिमाग में यशवीर का चेहरा छप चुका है। उनके जश्न मनाने के तरीके से पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद यूसुफ को भी मिर्ची लग गई और वह संस्कारो का ज्ञान देने लगे। हालांकि, बीसीसीआई के अधिकारियों ने युवा भारतीय खिलाड़ियों का समर्थन किया है।
कौन हैं यशवीर? – भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम के उभरते हुए ऑलराउंडर यशवीर गौड़ की कहानी संघर्ष और मेहनत की मिसाल है। तेलंगाना के हैदराबाद से आने वाले यशवीर ने गलियों में क्रिकेट खेलकर अपने सफर की शुरुआत की थी। वह बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज हैं और बाएं हाथ से ही उपयोगी बल्लेबाज भी हैं। यशवीर को जून 2026 में श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय अंडर-19 वनडे टीम में पहली बार जगह मिली। इससे पहले वह फरवरी 2026 में अंडर-19 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम में जगह बनाने से चूक गए थे।
8 साल की उम्र में शुरू हुआ सफर – वुटकुरी यशवीर गौड़ का जन्म 22 नवंबर 2007 को तेलंगाना में हुआ। उन्होंने आठ साल की उम्र में हैदराबाद की डेनियल क्रिकेट एकेडमी में ट्रेनिंग शुरू की थी। उन्होंने कोच कमलेश के मार्गदर्शन में करीब छह साल तक अभ्यास किया। इसके बाद वह भवन विवेकानंद डिग्री कॉलेज पहुंचे, जहां कृष्ण मोहन ने उनके खेल को निखारने में मदद की। अंबरपेट की गलियों में पहली बार बैट पकड़ने वाले यशवीर ने क्लब क्रिकेट में अपनी पहचान बनाई। वह तीन साल तक इम्पीरियल क्रिकेट क्लब के लिए खेले। इस दौरान क्लब सी और बी डिवीजन लीग में हिस्सा लेता था। साल 2024 में उन्होंने राज्य की टीम में जगह बनाने के लिए डेक्कन क्रॉनिकल क्लब का रुख किया, जहां उन्हें ए डिवीजन लीग में खेलने का मौका मिला।
हैदराबाद की टीम में मिली जगह – यशवीर ने ओपन ट्रायल के जरिए हैदराबाद की अंडर-16 टीम में जगह बनाई। इसके बाद उनके प्रदर्शन में लगातार सुधार हुआ। उन्होंने हैदराबाद को पहली बार बीसीसीआई जूनियर पुरुष अंडर-19 वीनू मांकड़ ट्रॉफी जिताने में अहम भूमिका निभाई। इस टूर्नामेंट में उन्होंने 15 विकेट हासिल किए थे। पंजाब के खिलाफ फाइनल में भी उन्होंने 22 रन देकर 3 विकेट लिए थे। हैदराबाद ने यह फाइनल पांच विकेट से जीता था।
वर्ल्ड कप टीम में जगह नहीं मिली तो नहीं मानी हार – यशवीर के करियर में फरवरी 2026 एक बड़ा झटका लेकर आया, जब वह अंडर-19 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम में जगह नहीं बना सके। इस चयन से वह काफी निराश हुए थे। हालांकि, उन्होंने इस निराशा को अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया और खेल पर मेहनत जारी रखी। इसका नतीजा जून 2026 में देखने को मिला, जब बीसीसीआई ने उन्हें श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय अंडर-19 वनडे टीम में शामिल किया।
भारत के लिए खेलने का सपना हुआ पूरा – यशवीर ने टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में बताया था कि विश्व कप टीम में चयन नहीं होने के बाद उन्हें उस निराशा से बाहर निकलने में कुछ समय लगा। इसके बाद उन्होंने अपनी मेहनत बढ़ाई। भारतीय टीम में चयन को उन्होंने सपने के सच होने जैसा बताया था। उनके माता-पिता वानी और राजकुमार ने भी उनके क्रिकेट करियर में काफी सहयोग किया है। यशवीर फिलहाल बाएं हाथ के स्पिनर और उपयोगी बल्लेबाज के रूप में अपनी पहचान बना रहे हैं। वह भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत और ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को अपना आदर्श मानते हैं।