
128 साल बाद ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी होने जा रही है। लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 में क्रिकेट के मुकाबले टी20 फॉर्मेट में खेले जाएंगे। महिला वर्ग में भारत समेत चार टीमों ने पहले ही अपनी जगह पक्की कर ली है, जबकि पुरुष वर्ग में भी भारतीय टीम का सीधा क्वालिफिकेशन लगभग तय माना जा रहा है। दूसरी तरफ पाकिस्तान की राह मुश्किल नजर आ रही है। उसे ओलंपिक में जगह बनाने के लिए क्वालिफायर खेलना पड़ सकता है, जहां उसका सामना न्यूजीलैंड, बांग्लादेश, श्रीलंका और अफगानिस्तान जैसी मजबूत टीमों से हो सकता है।
ओलंपिक में पुरुष और महिला दोनों वर्गों में छह-छह टीमें हिस्सा लेंगी। महिला वर्ग में भारत, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका और ग्रेट ब्रिटेन की टीमें पहले ही क्वालिफाई कर चुकी हैं। इन टीमों ने 2026 महिला टी20 विश्व कप में अपने-अपने महाद्वीप की टॉप टीम के रूप में जगह बनाई। इस तरह भारतीय महिला टीम का ओलंपिक में खेलना तय हो गया है।
किस आधार पर होगा टीमों का चयन – पुरुष वर्ग में छह टीमों का चयन अलग-अलग रास्तों से होगा। चार टीमों को एशिया, यूरोप, अफ्रीका और ओशिनिया की शीर्ष रैंकिंग वाली टीम के रूप में सीधा प्रवेश मिलेगा। इसके लिए 31 दिसंबर 2026 की आईसीसी टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग को आधार बनाया जाएगा। मेजबान अमेरिका की टीम भी टॉप-15 में रही तो ओलंपिक का हिस्सा बनेगी। छठी टीम का फैसला ओलंपिक क्वालिफायर से होगा।
भारत की राह आसान – भारत एशिया की सबसे बेहतर रैंकिंग वाली टीम होने के कारण सीधे क्वालिफाई करने की मजबूत स्थिति में है। भारतीय टीम को अब 31 दिसंबर तक अपनी रैंकिंग बरकरार रखनी होगी। अगर ऐसा होता है तो उसे क्वालिफायर में खेलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। फिलहाल भारत आईसीसी रैंकिंग में दूसरे स्थान पर है और दूसरी एशियाई टीम पाकिस्तान है, जो छठे स्थान पर है। ऐसे में भारत के क्वालिफिकेशन में मजह औपचारिकताएं बाकी हैं।
पाकिस्तान को खेलना पड़ेगा क्वालिफायर – पाकिस्तान के लिए ओलंपिक में जगह बनाना काफी मुश्किल दिखाई दे रहा है। एशिया से सीधे क्वालिफिकेशन सिर्फ एक टीम को मिलेगा और इस पर भारत का कब्जा तय माना जा रहा है। पाकिस्तान को ऐसे में आठ टीमों के ओलंपिक क्वालिफायर में हिस्सा लेना पड़ सकता है। इस टूर्नामेंट में उन टीमों को मौका मिलेगा, जो निर्धारित कटऑफ तक सीधे क्वालिफाई नहीं कर पाएंगी और रैंकिंग के आधार पर क्वालिफायर के लिए चुनी जाएंगी।
क्वालिफायर में इन बड़ी टीमों से हो सकती है टक्कर – पाकिस्तान को क्वालिफायर में न्यूजीलैंड, बांग्लादेश, श्रीलंका, अफगानिस्तान जैसी टीमों से चुनौती मिल सकती है। आयरलैंड और जिम्बाब्वे भी इस दौड़ में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, क्वालिफायर में खेलने वाली आठ टीमों की आधिकारिक पुष्टि 31 दिसंबर 2026 की रैंकिंग के बाद ही होगी। आठ टीमों को दो ग्रुप में बांटा जाएगा। हर टीम अपने ग्रुप की बाकी तीन टीमों से मुकाबला करेगी। दोनों ग्रुप की विजेता टीमें फाइनल खेलेंगी और फाइनल जीतने वाली टीम ओलंपिक का आखिरी टिकट हासिल करेगी।
बांग्लादेश में होगा मेन्स क्वालिफायर – आईसीसी ने पुरुष ओलंपिक क्वालिफायर के आयोजन स्थल और तारीखों की भी घोषणा कर दी है। यह टूर्नामेंट 5 से 13 फरवरी 2028 तक बांग्लादेश में खेला जाएगा। वहीं महिला वर्ग का आखिरी क्वालिफायर 26 फरवरी से 5 मार्च 2028 तक अमेरिका में होगा। दोनों टूर्नामेंट में आठ-आठ टीमें हिस्सा लेंगी और प्रत्येक में कुल 13 मुकाबले खेले जाएंगे। इस तरह भारतीय महिला टीम ने ओलंपिक का टिकट हासिल कर लिया है और पुरुष टीम भी सीधे प्रवेश के करीब है। पाकिस्तान के लिए हालांकि राह आसान नहीं होगी। उसे क्वालिफायर में कई मजबूत टीमों को हराने पर ही लॉस एंजिलिस ओलंपिक में जगह मिलेगी।
Home / Sports / भारतीय महिला टीम की जगह पक्की, पुरुषों की भी राह आसान, पाकिस्तान का बाहर होना लगभग तय
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website