
ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि है कि उनका देश अमेरिका के साथ राजनयिक समाधान के लिए तैयार है, लेकिन उन्होंने बातचीत के लिए तेहरान की रेड लाइन भी बता दी। अराघची ने कहा कि तेहरान अपने संवर्धित यूरेनियम को देश से बाहर नहीं जाने देगा। ईरान के एक अखबार के साथ बातचीत में अराघची ने कहा कि तेहरान अपनी परमाणु मांगों पर कोई समझौता नहीं करेगा।
अराघची ने कहा कि ईरान बातचीत चाहता है लेकिन आगे बढ़ने से पहले उसे इस बात की गारंटी मिले कि अमेरिका बातचीत को लेकर गंभीर है। उन्होंने बताया कि तेहरान और वॉशिंगटन के बीच मध्यस्थों के जरिए संदेशों का आदान-प्रदान हो रहा है। उन्होंने यह भी माना कि मतभेदों के बावजूद एक उचित समाधान हो सकता है।
यूरेनियम को बाहर भेजने से इनकार – अराघची ने 60 प्रतिशत शुद्धता वाले संवर्धित यूरेनियम को ईरान से बाहर दूसरे देश में भेजे जाने की मांग को सिरे से खारिज कर दिया। ईरानी विदेश मंत्री ने कहा, “हमारी कुछ स्पष्ट रेड लाइन्स हैं। पहली यह कि ये सामग्री देश से बाहर नहीं जाएगी।”
ईरान के परमाणु सिद्धांत में बदलाव को लेकर हो रही चर्चा पर अराघची ने कहा कि संभावित बदलावों पर बहस होना जायज है। इसके साथ ही उन्होंने जोर देकर कहा कि परमाणु हथियारों पर ईरान का रुख पहले जैसा ही है।
होर्मुज जलडमरूमध्य पर अराघची ने कहा कि इस अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग को फिर से खोलने का तेहरान का 48 घंटे का प्रस्ताव अभी भी कायम है। उन्होंने बताया कि यह योजना मूल रूप से 7 दिनों के लिए तैयार की गई थी, लेकिन अमेरिकी चुनावों को देखते हुए इसे छोटा कर दिया गया था।
पहले दिन अमेरिका अपने वादों को पूरा करेगा और दूसरे दिन हम होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोल देंगे। इसके बाद ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत शुरू हो जाएगी। अब्बास अराघची, ईरानी विदेश मंत्री
होर्मुज खोलने के लिए टाइम कम करने को तैयार – अराघची ने कहा कि दो दिन की यह योजना अभी भी टेबल पर है। उन्होंने कहा कि अमेरिका मांगें मानता है तो समय सीमा को कम भी किया जा सकता है। ईरानी विदेश मंत्री ने अखबार को बताया, “अगर वे दो दिन की समय-सीमा को घटाकर एक दिन या दो घंटे भी करना चाहते हैं, तो हमें कोई दिक्कत नहीं है। मुख्य बात यह है कि हमारी मांगें पूरी होनी चाहिए।”
अराघची ने जोर दिया कि तेहरान एक ऐसा समझौता चाहता है जो स्थायी हो। उन्होंने कहा, “आज कोई समझौता करने का क्या फायदा, अगर दो महीने बाद ही उसका उल्लंघन हो जाए और फिर से युद्ध शुरू हो जाए?” उन्होंने बताया कि अभी तक कतर और पाकिस्तान ही मध्यस्थता कर रहे हैं।
Home / News / ‘अमेरिका से डील को तैयार लेकिन यूरेनियम नहीं जाने देंगे’, अराघची ने बताई रेड लाइन, होर्मुज पर 48 घंटे का प्लान
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website