
वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व मैदान पर भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के सामने कीवी कप्तान टॉम लेथम पूरी तरह बेबस नजर आए। बुमराह ने इस मुकाबले की पहली और दूसरी दोनों पारियों में लेथम को बिना कोई रन बनाए पवेलियन की राह दिखाई। इसके साथ ही लेथम क्रिकेट की भाषा में पेयर का शिकार हो गए। क्रिकेट में पेयर का मतलब दोनों पारियों में शून्य पर आउट होना होता है। दूसरी पारी में भी लेथम का विकेट गिरने के साथ ही न्यूजीलैंड ने शून्य के स्कोर पर अपना पहला विकेट गंवा दिया।
आखिर क्या होता है पेयर और लेथम के नाम जुड़े कौन से अनचाहे रिकॉर्ड? – टेस्ट क्रिकेट में जब कोई बल्लेबाज एक ही मैच की दोनों पारियों में बिना कोई रन बनाए आउट होता है, तो उसे पेयर कहा जाता है। पहली पारी में बुमराह का शिकार बने लेथम, दूसरी पारी में भी बुमराह की गेंद पर विकेटकीपर ऋषभ पंत को कैच थमा बैठे। इसके साथ ही उनके नाम कई शर्मनाक कीर्तिमान दर्ज हो गए:
टॉम लेथम टेस्ट क्रिकेट की दोनों पारियों में शून्य पर आउट होने वाले न्यूजीलैंड के तीसरे कप्तान बन गए हैं। उनसे पहले 1956 में वेस्टइंडीज के खिलाफ हैरी केव और 1997 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ स्टीफन फ्लेमिंग के साथ ऐसा हुआ था।
लेथम भारत के खिलाफ किसी टेस्ट की दोनों पारियों में शून्य पर आउट होने वाले दूसरे कप्तान हैं। इससे पहले 2019 में बांग्लादेश के कप्तान मोमिनुल हक इस सूची में शामिल हुए थे।
यह लेथम के टेस्ट करियर का 16वां डक है। टेस्ट इतिहास में सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने वाले सलामी बल्लेबाजों में लेथम अब पूर्व श्रीलंकाई दिग्गज मारवान अटापट्टू के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर आ गए हैं। इस लिस्ट में वेस्टइंडीज के क्रेग ब्रैथवेट (19) पहले और इंग्लैंड के माइक एथर्टन (17) दूसरे नंबर पर हैं।
कुल मिलाकर यह आठवां मौका है जब कोई कीवी ओपनर दोनों पारियों में शून्य पर आउट हुआ है, जबकि भारत के खिलाफ 2010 (टिम मैकिन्टोश, अहमदाबाद) के बाद यह दूसरी बार हुआ है।
जसप्रीत बुमराह ने रचा अनोखा इतिहास, श्रीसंत और जहीर की बराबरी की – इस टेस्ट मैच से पहले इंटरनेशनल क्रिकेट में टॉम लेथम का रिकॉर्ड जसप्रीत बुमराह के खिलाफ काफी मजबूत था, जहां वे सिर्फ दो बार आउट होकर 160 रन बना चुके थे। लेकिन वेलिंगटन टेस्ट में बुमराह ने बाजी पलटते हुए उन्हें दो पारियों में एक भी रन नहीं बनाने दिया। इसके अलावा, जसप्रीत बुमराह टेस्ट मैच की दोनों पारियों के पहले ही ओवर में विकेट लेने वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले भारत के लिए यह खास कारनामा एस. श्रीसंत (2006 में वेस्टइंडीज के खिलाफ) और जहीर खान (2007 में बांग्लादेश के खिलाफ) ने किया था।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website