
बच्चे कभी-कभी अनजाने में ऐसी बातें कह देते हैं या कुछ ऐसा कर जाते हैं, जिससे उनके माता-पिता का दिल दुख जाता है। खासकर वे पिता, जो अक्सर अपनी भावनाओं को खुलकर जाहिर नहीं करते, बच्चों की कुछ बातें सुनकर अंदर ही अंदर टूट जाते हैं। ऐसी स्थिति में वे न केवल भावनात्मक रूप से दुखी होते हैं, बल्कि अपने बच्चे के व्यवहार और भविष्य को लेकर भी चिंतित हो जाते हैं। उन्हें समझ नहीं आता कि आखिर बच्चे के मन में ऐसी बातें क्यों आ रही हैं और वे उसे सही दिशा कैसे दिखाएं। इसी सिलसिले में पेरेंटिंग कोच पुष्पा शर्मा ने कुछ ऐसी बातों और व्यवहार का जिक्र किया है, जो खासतौर पर एक पिता को दुख पहुंचाती हैं। साथ ही, उन्होंने यह भी समझाया है कि बच्चों को इस तरह का व्यवहार क्यों नहीं करना चाहिए और इसका उनके पिता पर क्या असर पड़ सकता है।
पापा इस बात से नहीं होते दुखी – पेरेंटिंग कोच पुष्पा शर्मा कहती हैं कि एक पिता अपने बच्चों से इस बात को लेकर दुखी नहीं होते कि वे वैसे नहीं बनना चाहते, जैसा वह उन्हें बनाना चाहते हैं। बल्कि वे इस बात से निराश हो जाते हैं कि बच्चों ने उनकी सलाह सुननी बंद कर दी है और वे ऐसे रास्ते पर चल पड़ते हैं, जो उन्हें तकलीफ पहुंचा सकती हैं।
हर सलाह के पीछे छिपा होता है डर – वह आगे कहती हैं कि बेशक बच्चों को पिता की रोक-टोक अच्छी नहीं लगती होगी या उन्हें ऐसा महसूस होता होगा कि पिता उन्हें समझते ही नहीं हैं कि वे क्या चाहते हैं। लेकिन इस बात पर भरोसा करें कि उनकी हर सलाह के पीछे आपको गलत रास्ते पर जाने से बचाने और आपको खोने का डर छिपा होता है।
‘पापा आपकी जिंदगी को कंट्रोल नहीं करना चाहते’ – बच्चों, इस बात का ध्यान रखो कि पापा आपकी जिंदगी को कंट्रोल नहीं करना चाहते, बल्कि वे आपसे बहुत प्यार करते हैं। इसीलिए आपको गलत रास्ते पर जाते देखकर वे चुप नहीं रह पाते। कई बार पिता चुपके से अंदर ही अंदर इस बात पर रोते हैं कि जिस बच्चे को वे दुनिया में सबसे ज्यादा प्यार करते हैं, वही उनकी बात सुनना नहीं चाहता।
एक बार प्यार से बोले- लव यू पापा ‘ – इसलिए बच्चों, अपने पापा की बातों और उनकी भावनाओं को समझने की कोशिश करो। आप उनसे बहुत प्यार करते हैं, लेकिन कई बार उसे जाहिर नहीं कर पाते। अपने दिल की बात उन्हें बताएं और एक बार प्यार से जरूर कहें, ‘आई लव यू पापा।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website