Tuesday , June 16 2026 10:35 PM
Home / Sports / मन्हास ने माना मुंबई इंडियंस टीम को चुनौती, तो शेन बॉन्ड ने इंदौर में जताई जीत की उम्मीद

मन्हास ने माना मुंबई इंडियंस टीम को चुनौती, तो शेन बॉन्ड ने इंदौर में जताई जीत की उम्मीद

 

विवेक शर्मा- इंदौर से

19 अप्रैल, 2017 – किंग्स इलेवन पंजाब टीम के सहायक कोच मिथुन मन्हास ने कहा है कि उनकी टीम की कमियों को दूर करने की कोशिश की जा रही है और मुंबई इंडियंस के खिलाफ 20 अप्रैल को होने वाले मुकाबले में कोशिश रहेगी कि अच्छा स्कोर खड़ा करें और पॉजिटिव नतीजे आएं। मन्हास के मुताबिक टी-20 क्रिकेट का फार्मेट काफी अलग है और उस दिन, 3 घंटों के दौरान जो टीम बेहतरीन प्रदर्शन करती है, वो काफी अहम होता है।  मिथुन ने ये भी कहा कि टीम की ओपनिंग अच्छी हो रही है लेकिन मिडिल ऑर्डर कुछ अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया लेकिन विदेशी खिलाड़ियों को एक अच्छी इनिंग का इंतजार है। किंग्स इलेवन के सहायक कोच ने ये भी कहा कि इस फार्मेट में ज्यादा विकेट नहीं खोए जा सकते हैं। कई मैचों का फैसला अंतिम ओवरों में होता है और जिसमें जीत भी मिल सकती है और हार भी । मिथुन ने मुंबई इंडियन्स टीम को एक चुनौती के रुप में माना लेकिन उन्होंने किसी विशेष खिलाड़ी को चुनौती मानने से इंकार कर दिया। कोच के रुप में अपनी भूमिका के बारे में उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ कम्यूनिकेशन करना आसान होता है और घरेलू खिलाड़ियों के साथ काफी क्रिकेट हो रहा है तो उन्हें भी समझाना और उनके साथ मेल-जोल काफी आसान है। मिथुन ने माना कि उनकी टीम की गेंदबाजी कमज़ोर नहीं है लेकिन बल्लेबाजी ज्यादा मज़बूत है। साथ ही उन्होंने कहा कि मनन वोहरा में काफी संभावनाएं हैं और उन्हें पिछले मैच में सनराइज़र्स हैदराबाद के खिलाफ खेली गई बेहतरीन प्रदर्शन को दोहराना होगा। मिथुन ने कहा कि हैदराबाद के खिलाफ पिछले मैच में मनन ने दबाव में लक्ष्य का पीछा करते हुए रन बनाए। अब वो खिलाड़ी के रुप में वो परिपक्व हो रहे हैं और टीम के मुख्य खिलाड़ी की भूमिका में हैं।

वहीं दूसरी ओर मुंबई इंडियंस के बॉलिंग कोच शेन बॉन्ड ने कहा कि विकेट काफी अच्छा दिखाई दे रहा है, और उस पर थोड़ी घास भी है लेकिन ऐसा लगता है कि  असमान उछाल रहेगा। बॉन्ड ने ये भी कहा कि इस मैदान में बाउंड्री भी छोटी है लिहाजा 200 रन के स्कोर का भी पीछा किया जा सकता है। बॉन्ड ने अपने गेंदबाजों पर भरोसा जताते हुए कहा कि सभी छह गेंदबाज अपनी लय में है और अब तक के सभी मैचों में टीम ने हर तरह से संतोषजनक प्रदर्शन किया है। बॉन्ड ने माना कि इस फार्मेट में रिस्क लेना ज़रूरी होता है और अपने हुनर के आधार पर हालात को अपने पक्ष में किया जा सकता है हालांकि अगर कोई खिलाड़ी नाकामयाब रहता है तो भी कप्तान और कोच को उस पर फिर से भरोसा जताना चाहिए, जिससे खिलाड़ी के आत्मविश्वास में इजाफा होता है। बान्ड ने किंग्स इलेवन को भी अच्छी टीम मानते हुए कहा कि हरेक टीम को पूरी गंभीरता से लिया जाता है, और ऐसी ही एप्रोच किंग्स इलेवन के खिलाफ भी रहेगी साथ ही उन्होंने इंदौर में भी जीत का सिलसिला बरकरार रखने की उम्मीद जताई। बॉन्ड ने मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा के बारे में कहा कि वो एक विश्व स्तरीय खिलाड़ी हैं और उन्होंने पिछले मैच में अपना फॉर्म वापस पा लिया है।

20 अप्रैल को इंदौर के होलकर स्टेडियम में किंग्स इलेवन पंजाब और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला रात 8 से खेला जाएगा।