Saturday , March 7 2026 4:16 AM
Home / Sports / भारत ने वेस्टइंडीज को 8 विकेट से हराकर 3-1 से जीती सीरीज

भारत ने वेस्टइंडीज को 8 विकेट से हराकर 3-1 से जीती सीरीज


जमैका, वेस्टइंडीज। भारत ने पांचवें और अंतिम वनडे मुकाबले में वेस्टइंडीज को 8 विकेट से हरा दिया है। इस जीत के साथ ही भारत ने 5 मैचों की सीरीज 3-1 से अपने नाम कर ली है। इस जीत के लिए कप्तान विराट कोहली का शतक और दिनेश कार्तिक का अर्धशतकीय का अहम योगदान है।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 205 रन बनाए। भारत की शानदार गेंदबाजी के सामने कैरिबियाई बल्लेबाज बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे। एसडी होप और काइल होप के अलावा कोई भी बल्लेबाज अच्छा स्कोर नहीं कर सका। एसडी होप की 51 रनों की पारी की बदौलत वेस्टइंडीज ने भारत को 206 रनों का लक्ष्य दिया।

भारतीय तेज गेंदबाजों ने वेस्टइंडीज के किसी भी बल्लेबाज को पिच पर जमने नहीं दिया। तेज गेंदबाज मोहम्मद शामी ने शानदार गेंदबाजी का मुजाहिरा किया और 10 ओवर में 48 रन देकर 4 अहम विकेट झटके। शामी के अलावा उमेश यादव ने भी जबरदस्त गेंदबाजी की। उमेश ने 10 ओवर में 53 रन दिए और 3 विकेट अपने अपने नाम किए। वहीं हार्दिक पंड्या और केदार जाधव ने भी 1-1 विकेट अपने खाते में डाले।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को पहले ही ओवर में झटका लगा, जब सलामी बल्लेबाज शिखर धवन मात्र 4 रन बनाकर आउट हो गए। मगर इसके बाद आजिंक्य रहाणे और कप्तान विराट कोहली ने शानदार बल्लेबाजी की और वेस्टइंडीज के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। हालांकि, रहाणे ज्यादा देर तक पिच पर नहीं टिक सके और 39 रन की पारी खेलकर चलते बने।

कप्तान विराट कोहली ने एक बार अपनी शानदार बल्लेबाजी से विरोधी टीम को मैच में वापस आने का मौका नहीं दिया। कोहली ने 115 गेंदों पर 111 रनों की शानदार पारी खेली। अपनी पारी में कोहली ने 12 चौके और 2 छक्के जड़े। वहीं दिनेश कार्तिक ने आखिर तक उनका बखूबी साथ दिया। कार्तिक ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 50 रन बनाए और नाबाद रहे।