
ब्रिस्टल। आस्ट्रेलिया ने आईसीसी महिला विश्व कप में बुधवार को भारतीय टीम को आठ विकेट से हरा दिया है। पूनम राउत (106) के शतक और कप्तान मिताली राज (69) के अर्धशतक के दम पर पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवरों में सात विकेट खोकर 226 रन बनाने वाली भारतीय टीम आस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों के सामने यह लक्ष्य नहीं बचा पाई। आस्ट्रेलिया ने कप्तान मेग लैनिंग (नाबाद 76) और एलिस पैरी (नाबाद 60) की आगुआई में 45.1 ओवरों में दो विकेट खोकर यह लक्ष्य हासिल कर लिया। इस हार के बाद भारत की सेमीफाइनल की राह मुश्किल हो गई है। भारत को अपना अगला और अंतिम लीग मैच 15 जुलाई को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलना है। मौजूदा विजेता आस्ट्रेलिया को अच्छी शुरुआत मिली। निकोल बोल्टन (36) और बेथ मूनी (45) ने पहले विकेट के लिए 62 रन जोड़े। बोल्टन को लेग स्पिनर पूनम यादव ने आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई।
यहां से लैनिंग ने विकेट पर पांव जमा लिए, तो अंत तक आउट नहीं हुईं। मूनी ने कप्तान के साथ मिलकर टीम को 100 का आंकड़ा पार कराया। अर्धशतक की ओर बढ़ रहीं मूनी रन लेने की जल्दबाजी में रन आउट हो पवेलियन लौटीं। वह 103 के कुल स्कोर पर आउट हुईं।
यहां से लैनिंग को एलिस पैरी का साथ मिला और दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 124 रनों की साझेदारी कर टीम को जीत दिलाई। 88 गेंदों की पारी में आठ चौके और एक छक्का लगाने वाली लैनिंग को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। पैरी ने 67 गेंदों का सामना करते हुए आठ चौके लगाए।
इससे पहले, सलामी बल्लेबाज पूनम और मिताली के बीच दूसरे विकेट के लिए हुई बेहतरीन साझेदारी के बावजूद भारतीय टीम आस्ट्रेलिया को बड़ा लक्ष्य नहीं दे सकी।
मिताली और पूनम ने जरूर विकेट नहीं गिरने दिए, लेकिन रनगति को यह दोनों बल्लेबाज तेज नहीं कर सकी। आस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने इन्हें बड़े शॉट लगाने से रोके रखा।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website