
लंदनः सलामी बल्लेबाज मार्क स्टोनमैन को विंडीज के खिलाफ इंग्लैंड के पहले दिन रात्रि टेस्ट मैच के लिए चुना गया है जिसकी शुरुआत गुरूवार से एजबस्टन में होगी। सरे के बाएं हाथ के बल्लेबाज स्टोनमैन इस टेस्ट से अपना पदार्पण करेंगे और एलेस्टेयर कुक के 15 वें ओपनिंग पार्टनर बनेंगे।
स्टोनमैन को तीन टेस्टों की सीरीज के पहले टेस्ट के लिए टीम में कीटन जेनिंग्स की जगह शामिल किया गया है जो अपनी फॉर्म को लेकर जूझ रहे थे। दक्षिण अफ्रीका को चौथे और अंतिम टेस्ट में हराने वाली टीम में यही एकमात्र परिवर्तन किया गया है। इंग्लैंड ने दक्षिण अफ्रीका से सीरीज 3-1 से जीती थी।
इंग्लैंड इन सर्दियों में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एशेज शुरू होने से पहले कुक के लिए एक नियमित ओपनिंग जोड़ीदार की तलाश में है। कप्तान जो रुट ने 30 वर्षीय अनुभवी बल्लेबाज स्टोनमैन का टीम में स्वागत किया है जिनके खाते में 19 प्रथम श्रेणी शतक हैं।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website