Wednesday , March 4 2026 9:46 PM
Home / Sports / भारत ने लगाया जीत का चाैका, श्रीलंका को 168 रनों से दी करारी हार

भारत ने लगाया जीत का चाैका, श्रीलंका को 168 रनों से दी करारी हार


कोलंबो: कप्तान विराट कोहली और सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा के शतक के बाद गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन से भारत ने चौथे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में आज यहां श्रीलंका को 168 रन से रौंदकर लगातार चौथी जीत के साथ पांच मैचों की श्रृंखला में 4-0 की बढ़त बनाई। कोहली ने 96 गेंद में 17 चौकों और दो छक्कों की मदद से 131 रन की पारी खेलने के अलावा रोहित (104) के साथ दूसरे विकेट के लिए 219 रन जोड़े जिससे भारत पांच विकेट पर 375 रन का विशाल स्कोर खड़ा करने में सफल रहा। रोहित ने 88 गेंद की अपनी पारी में 11 चौके और तीन छक्के जड़े। कोहली का यह 29वां शतक है और वह सर्वाधिक शतक जडऩे वालों की सूची में तीसरे नंबर पर पहुंचे।

अपने घर में श्रीलंका की सबसे बड़ी हार
श्रृंखला में पहला मैच खेल रहे मनीष पांडे (42 गेंद में नाबाद 50, चार चौके) और अपना 300वां वनडे खेल रहे महेंद्र सिंह धोनी (42 गेंद में नाबाद 49, पांच चौके और एक छक्का) ने अंतिम ओवरों में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए छठे विकेट के लिए 12.2 ओवर में 101 रन की अटूट साझेदारी करके टीम का स्कोर 350 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। श्रीलंका के खिलाफ यह भारत का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है। इसके जवाब में पूर्व कप्तान एंजेलो मैथ्यूज (70) के अलावा श्रीलंका का कोई बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों का डटकर सामना नहीं कर पाया और पूरी टीम 42 . 4 ओवर में 207 रन पर ढेर हो गई। घरेलू सरजमीं पर रनों के लिहाज से यह श्रीलंका की सबसे बड़ी हार है। भारत की ओर से कुलदीप यादव (31 रन पर दो विकेट), जसप्रीत बुमराह (32 रन पर दो विकेट) और हाॢदक पंड्या (50 रन पर दो विकेट) दो-दो विकेट चटकाए। पदार्पण कर रहे शारदुल ठाकुर और अक्षर पटेल ने एक एक विकेट हासिल किया। श्रृंखला का पांचवां और अंतिम मैच तीन सितंबर को यहां आर प्रेमदास स्टेडियम में ही खेला जाएगा।

श्रीलंका की रही खराब शुरूआत
लक्ष्य का पीछा करने उतरे श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही और उसने 37 रन तक ही तीन विकेट गंवा दिए। तेज गेंदबाज ठाकुर ने पारी के तीसरे ओवर में ही निरोशन डिकवेला (14) को विकेटकीपर धोनी के हाथों कैच कराया। मैदानी अंपायर ने डिकवेला को नाटआउट दिया था लेकिन धोनी की सलाह पर कप्तान कोहली ने डीआरएस लिया और फैसला भारत के पक्ष में आया। कुसाल मेंडिस (01) गैरजरूरी रन लेने की कोशिश में लोकेश राहुल के सटीक निशाने का शिकार बने जबकि बुमराह ने दिलशान मुनावीरा (11) को धोनी के हाथों कैच कराके श्रीलंका को तीसरा झटका दिया। इस बार भी मैदानी अंपायर ने बल्लेबाज को नाटआउट करार दिया था लेकिन डीआरएस लेने पर तीसरे अंपायर ने मैदानी अंपायर का फैसला बदल दिया। लाहिरू थिरिमाने (18) और मैथ्यूज ने कुछ देर विकेटों के पतन पर विराम लगाया। कप्तान कोहली ने इस दौरान गेंदबाजी में हाथ आजमाए। मैथ्यूज ने उन पर लगातार दो चौके मारे। थिरिमाने ने पंड्या पर फाइन लेग पर छक्का जड़ा लेकिन अगली गेंद पर डीप प्वाइंट पर शिखर धवन को कैच दे बैठे।