Monday , February 9 2026 9:01 AM
Home / Sports / गेंदबाज चमके, भारत ने श्रीलंका को 205 रन पर समेटा

गेंदबाज चमके, भारत ने श्रीलंका को 205 रन पर समेटा


नागपुर: रविचंद्रन अश्विन की अगुआई में गेंदबाजों के प्रभावी प्रदर्शन से भारत ने श्रीलंका को आज यहां दूसरे क्रिकेट टेस्ट के पहले दिन 205 रन पर समेटकर अपना पलड़ा भारी रखा। भारत ने इसके जवाब में दिन का खेल खत्म होने तक 8 ओवर में एक विकेट पर 11 रन बनाए। चेतेश्वर पुजारा और मुरली विजय दोनों दो-दो रन बनाकर क्रीज डटे हुए हैं। भारत ने चौथे ओवर में लोकेश राहुल (07) का विकेट गंवाया जिन्हें लाहिरू गमागे (चार रन पर एक विकेट) ने बोल्ड किया।

गमागे की आफ साइड से बाहर जाती गेंद पर कड़ा प्रहार करने की कोशिश में राहुल इसे विकेटों पर खेल गए। विजय ने इस बीच काफी सतर्कता के साथ बल्लेबाजी की और अपना पहला रन 16वीं गेंद पर बनाया जब उन्होंने पांचवें ओवर में सुरंगा लकमल की गेंद को एक रन के लिए खेला। भारतीय टीम अभी श्रीलंका ने 194 रन से पीछे है। इससे पहले अश्विन (67 रन पर चार विकेट), इशांत शर्मा (37 रन पर तीन विकेट) और रविंद्र जडेजा (56 रन पर तीन विकेट) की उम्दा गेंदबाजी के सामने श्रीलंका की टीम 79 .1 ओवर में 205 रन सिमट गई। मेहमान टीम की ओर से कप्तान दिनेश चांदीमल (57) और दिमुथ करुणारत्ने (51) ही 50 रन के आंकड़े को पार कर पाए। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 62 रन भी जोड़े जो पारी की सबसे बड़ी साझेदारी रही।

इससे पहले श्रीलंका ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने शुरू से ही मेहमान टीम के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा और नियमित अंतराल पर विकेट चटकाए। सलामी बल्लेबाज करुणारत्ने को पहले सत्र में भाग्य का सहारा मिला। भारतीय क्षेत्ररक्षकों ने एक बार करुणारत्ने का कैच टपकाया जबकि वह एक बार नोबाल पर स्टंप भी हुए। जामथा की पिच पर गेंदबाजों को अच्छा उछाल मिल रहा था जिसके कारण श्रीलंका के बल्लेबाजों ने रक्षात्मक रवैया अपनाते हुए विकेट बचाने को तरजीह दी। इसके बावजूद टीम ने पहले सत्र में सलामी बल्लेबाज सदीरा समरविक्रम (13) और लाहिरू थिरिमाने (09) के विकेट गंवाए और इस दौरान 27 ओवर में सिर्फ 47 रन जोड़े।

आस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू श्रृंखला के बाद पहला टेस्ट खेल रहे इशांत ने समरविक्रम को स्लिप में पुजारा के हाथों कैच कराके भारत को पहली सफलता दिलाई। पुजारा ने अपनी बायीं ओर नीचा कैच लपका। अनुभवी थिरिमाने 58 गेंद की अपनी पारी के दौरान शुरू से ही बेहद रक्षात्मक होकर खेले लेकिन अश्विन की गेंद को स्वीप करने के प्रयास में बोल्ड हो गए। करुणारत्ने इससे पहले 15 रन के निजी स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब अश्विन की गेंद पर पुजारा उनका कैच लपकने में नाकाम रहे। इस सलामी बल्लेबाज ने कदमों का इस्तेमाल करते हुए शाट खेला लेकिन मिड आन पर पुजारा इसे कैच नहीं कर पाए।