Sunday , April 5 2026 6:22 PM
Home / Sports / मनजोत का शतक, भारत रिकॉर्ड चौथी बार U19 विश्व कप चैंपियन

मनजोत का शतक, भारत रिकॉर्ड चौथी बार U19 विश्व कप चैंपियन


माउंट माउनगानुई (न्यूजीलैंड)। मनजोत कालरा के शानदार शतक (101 नाबाद) से भारत ने शनिवार को ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से हराकर अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप खिताब पर कब्जा जमाया। ऑस्ट्रेलिया की पारी को 47.2 ओवरों में 216 पर समेटने के बाद भारत ने 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। भारत ने रिकॉर्ड चौथी बार अंडर-19 विश्व कप खिताब हासिल किया, वह यह उपलब्धि हासिल करने वाला पहला देश बना। मनजोत मैन ऑफ द मैच रहे। भारत के शुभमन गिल प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुने गए। उन्होंने 124 की औसत से 372 रन बनाए।

भारत का यह रिकॉर्ड चौथा अंडर-19 विश्व कप खिताब है। उसने इससे पहले 2000, 2008 और 2012 में यह खिताब जीता था। ऑस्ट्रेलिया अब इस मामले में तीन खिताबों (1988, 2002 और 2010) के साथ दूसरे स्थान पर है।

भारत ने दूसरी बार फाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराया : भारत ने अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में दूसरी बार ऑस्ट्रेलिया को हराया। इससे पहले 2012 में उन्मुक्त चंद के नेतृत्व में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर खिताब जीता था। इसी के साथ भारत ने तीन बार अंडर-19 विश्व कप जीतने के ऑस्ट्रेलिया के रिकॉर्ड की बराबरी की थी। अब पृथ्वी शॉ के नेतृत्व में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर उसी का रिकॉर्ड तोड़कर चौथी बार विश्व कप जीता।

भारत को कप्तान पृथ्वी शॉ और मनजोत कालरा ने अच्छी शुरुआत दिलाते हुए पहले विकेट के लिए 71 रन जोड़े। भारत को पहला झटका सदरलैंड ने दिया जब उन्होंने शॉ (29) को बोल्ड किया। इसके बाद मनजोत का साथ देने शुभमन क्रीज पर उतरे और उन्होंने दूसरे विकेट के लिए 60 रन जोड़े। उप्पल ने शुभमन (31) को बोल्ड कर ऑस्ट्रेलिया को महत्वपूर्ण सफलता दिलाई। इसके बाद मनजोत को हार्विक देसाई का साथ मिला और दोनों ने टीम को आसान जीत दिलाई। मनजोत 102 गेंदों में 8 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 101 और हार्विक 47 रन बनाकर नाबाद रहे।

टॉस जीतकर ऑस्ट्रेलिया ने बल्लेबाजी का फैसला किया था, एक वक्त ऐसा लग रहा था कि ऑस्ट्रेलिया 250 रनों का आंकड़ा आसानी से पार कर लेगी। मगर 150 रनों के पार पहुंचने के बाद ही टीम लड़खड़ाने लगी और पूरी टीम 48वें ओवर में महज 216 रनों पर ढेर हो गई। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से मर्लो ने सबसे ज्यादा 76 रन बनाए। इसके अलावा कप्तान सांगा ने 13 और उप्पल ने 34 रनों की पारी खेली। वहीं भारत की तरफ से तेज गेंदबाज नागरकोटी के अलावा शिवा सिंह, ईशान पोरेल ने दो-दो विकेट झटके।

इससे पहले अच्छी शुरुआत के बाद 32 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया को पहला झटका लगा। ब्रयांट 14 रन के निजी स्कोर पर पोरेल की गेंद पर अभिषेक शर्मा के हाथों कैच आउट हुए। इसके बाद दूसरे सलामी बल्लेबाज एडवर्ड भी 28 रन के निजी स्कोर पर पोरेल का शिकार हुए। तीसरा विकेट कप्तान जेसन सांघा (13 रन) का गिरा, जिन्हें नागरकोटी की गेंद पर देसाई ने कैच आउट किया। इसके बाद जे. मर्लो और पी. उपल ने पारी साधने की कोशिश की, लेकिन उपल 34 रन के स्कोर पर रॉय की गेंद पर उन्हीं को कैच दे बैठे। पांचवां विकेट मैकस्वेनी का गिरा, जिन्हें 23 रन के निजी स्कोर पर शिवा सिंह ने अपनी ही गेंद पर कैच आउट किया।