
विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रेंडन टेलर की 138 रन की शानदार पारी के बावजूद भी जिम्बाब्वे की टीम आज यहां आईसीसी विश्व कप क्वालीफायर्स के सुपर सिक्स मुकाबले में वेस्टइंडीज से चार विकेट से हार गई। जिम्बाब्वे पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 289 रन पर आल आउट हो गई। वेस्टइंडीज ने यह लक्ष्य 49 ओवर में छह विकेट पर 290 रन बनाकर हासिल कर लिया जिससे वह तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया।
टेलर ने 124 गेंद की पारी में 20 चौके और दो छक्के लगाए। उन्हें सीन विलियम्स (34) के अलावा किसी और बल्लेबाज का साथ नहीं मिला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 76 रन की साझेदारी निभाई। सलामी बल्लेबाज सोलोमोन मीर ने भी 45 रन का योगदान दिया। वेस्टइंडीज के कप्तान जेसन होल्डर ने चार विकेट लिए। केमार रोच को तीन जबकि कीमो पॉल को दो विकेट मिले। वेस्टइंडीज के लिए 80 गेंद में 86 रन की पारी खेलने वाले मार्लोन सैमुअल्स जीत के नायक रहे जिन्होंने विकेटकीपर बल्लेबाज साई होप (76) के साथ तीसरे विकेट के लिए 135 रन जोड़े।
अनुभवी क्रिस गेल के सस्ते में आउट होने के बाद होप ने एविन लुईस (64) के साथ दूसरे विकेट के लिए 72 रन की साझेदारी की। इस जीत के साथ वेस्टइंडीज की टीम चार मैचों में छह अंक के साथ तालिका में शीर्ष पर पहुंच गयी है जबकि जिम्बाब्वे इतने ही मैच में पांच अंक से दूसरे स्थान पर है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website