
वेलिंग्टन। दाएं हाथ के अनुभवी सलामी बल्लेबाज मार्टिन गुप्टिल की न्यूजीलैंड टेस्ट टीम में वापसी हुई है। उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ खेली जाने वाली टेस्ट सीरीज में चोटिल अनुभवी बैट्समैन रॉस टेलर के विकल्प के तौर पर टीम में शामिल किया गया है। टेलर को वनडे सीरीज में जांघ में चोट लग गई थी। हालांकि धीरे-धीरे उनकी चोट में सुधार हो रहा है।
गुप्टिल ने अक्टूबर-2016 भारत दौरे के बाद से टेस्ट क्रिकेट नहीं खेला है। गुप्टिल ने पहले भी कहा था कि वे अपने टेस्ट करियर में दोबारा जान फूंकने के लिए मध्यक्रम में भी बल्लेबाजी करने को तैयार हैं। वेबसाइट ईएसपीएनक्रिकइंफो ने गुप्टिल के हवाले से लिखा, मुझे ऑकलैंड के लिए कुछ मैच खेलने हैं तो उम्मीद है कि मैं मध्यक्रम में बल्लेबाजी कर सकूं और चोट से मुक्त रह सकूं।
उन्होंने कहा, मुझे अभी भी टेस्ट क्रिकेट खेलना है। मुझे ऑकलैंड में कुछ रन करने होंगे उसके बाद मैं फैसला लूंगा, लेकिन अगर ऐसा नहीं होता है तो मैं देखूंगा।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website