Monday , February 9 2026 2:14 PM
Home / Sports / क्रिकेट आॅस्ट्रेलिया ने सुनाया अपना फैसला, स्मिथ आैर वाॅर्नर पर लगाया बैन

क्रिकेट आॅस्ट्रेलिया ने सुनाया अपना फैसला, स्मिथ आैर वाॅर्नर पर लगाया बैन


क्रिकेट आस्ट्रेलिया(सीए) ने बॉल टेंपरिंग में दोषी पाए गए अपने बल्लेबाजों स्टीव स्मिथ और डेविड वार्नर पर बुधवार को 12 महीने का प्रतिबंध लगा दिया। आस्ट्रेलियाई मीडिया के अनुसार आस्ट्रेलियाई बोर्ड ने इस मामले की जांच करने के बाद यह फैसला लिया है। सीए ने मैदान पर बॉल टेंपरिंग को अंजाम देने वाले 25 वर्षीय युवा खिलाड़ी कैमरन बेनक्राफ्ट पर भी नौ महीने का प्रतिबंध लगाया गया है।

तीसरे टेस्ट में की थी बाॅल टेंपरिंग
इन तीनों खिलाड़ियों पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ हुए तीसरे टेस्ट में बाॅल टेंपरिंग करने की साजिश रचने का आरोप लगा है। बैनक्राफ्ट गेंद के साथ किसी पीली नुकीली चीज से छेड़छाड़ करते भी देखे गए। मैच के बाद तीनों ने अपना अपराध कबूल किया। इसके बाद क्रिकेट जगत में सनसनी फैल गई आैर स्मिथ को कप्तानी आैर वाॅर्नर को उप-कप्तानी से से हटा दिया था। आॅस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री मैलकम टर्नबुल ने भी टीम की इस हरकत पर हैरानी जताई थी। उन्होंने इस विवाद पर कहा था, ‘विश्वास नहीं हो रहा एक आदर्श क्रिकेट टीम इस तरह की धोखाधड़ी में शामिल है। मैं हैरान हूं।’ इसके साथ टर्नबुल ने स्मिथ को कप्तानी से हटा देने का आदेश दिया था।
IPL टीमों से भी मिल चुका है झटका
वहीं आईपीएल सीजन 11 की शुरूआत कुछ ही दिनों में होने वाली है। स्मिथ राजस्थान के कप्तान थे, लेकिन फ्रेंचाइजी ने उनसे यह जिम्मेदारी छीन ली आैर अजिंक्या रहाणे को कमान साैंपी। वहीं वाॅर्नर ने भी सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी से इस्तीफा दिया है। अब देखना होगा कि क्या वह आईपीएल में खेल सकेंगे या नहीं क्योंकि सीए के इस फैसले के साथ स्मिथ और वार्नर का इंडियन प्रीमियर लीग(आईपीएल) से बाहर रहना भी तय माना जा रहा है।
पहले एक टेस्ट का लगा था बैन
इससे पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद(आईसीसी) ने स्मिथ, वार्नर और बेनक्राफ्ट तीनों ही खिलाड़ियों पर एक-एक टेस्ट का बैन लगाया था और ये खिलाड़ी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चौथे टेस्ट से पहले ही बाहर हो चुके थे। लेकिन आस्ट्रेलियाई बोर्ड ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए अपने खिलाड़ियों के खिलाफ अलग से जांच कराने के बाद कड़ा फैसला लिया है। सीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेम्स सदरलैंड ने केपटाउन टेस्ट में ऑस्ट्रेलियाई टीम के व्यवहार के लिए माफी भी मांगी थी और इनके खिलाफ जांच पूरी होने के 24 घंटे के भीतर कड़ा फैसला लेने की बात भी कही थी।
बैन लगन के साथ ही वॉर्नर और स्मिथ भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भी नहीं खेल पाएंगे। भारत को इस साल के आखिर में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाना है, जहां वो 4 टेस्ट, 3 वनडे और 3 टी-20 मैच खेलेगी। साउथ अफ्रीका के खिलाफ चल रही 4 टेस्ट मैचों की सीरीज के बीच तीनों आरोपी खिलाड़ियों को तुरंत ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना किया जा चुका था। इन तीनों आरोपियों की जगह मैट रेनशॉ, ग्लेन मैक्सवेल और जो बन्र्स को टीम में शामिल किया गया। वहीं, टिम पेन टीम के कप्तान बने रहेंगे।