
भारत और आस्ट्रेलिया के बीच सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर जारी चौथे और आखिरी टेस्ट मैच के पांचवें दिन का खेल बारिश के कारण रद्द हो गया और इसके साथ ही भारत ने चार टेस्ट मैचों की सीरीज को 2-1 से अपने नाम कर लिया है।
आस्ट्रेलिया में भारतीय क्रिकेट टीम ने 72 साल बाद आस्ट्रेलिया में सीरीज जीतकर इतिहास रचा है। यह भारतीय टीम की आस्ट्रेलिया के खिलाफ उसी के घर में पहली सीरीज जीत है।
भारत ने चौथे टेस्ट मैच में चेतेश्वर पुजारा (193) और ऋषभ पंत (159) की शतकीय पारियों के दम पर आस्ट्रेलिया के खिलाफ अपनी पहली पारी सात विकेट के नुकसान पर 622 रनों के विशाल स्कोर पर घोषित कर दी थी।
इस पारी में आस्ट्रेलिया के लिए नाथन लॉयन ने सबसे अधिक चार विकेट लिए थे, वहीं जोश हेजलवुड को दो सफलताएं मिली। मिशेल स्टॉर्क एक विकेट लेने में सफल रहे।
इसके बाद, भारत ने कुलदीप यादव (5/99) की शानदार गेंदबाजी के दम पर आस्ट्रेलिया की पहली पारी 300 रनों पर समाप्त कर दी। इस पारी में मोहम्मद शमी और रवींद्र जडेजा ने दो-दो विकेट लिए, वहीं जसप्रीत बुमराह को एक सफलता हाथ लगी।
आस्ट्रेलिया के लिए पहली पारी में मार्कस हैरिस (79) ने सबसे अधिक रन बनाए। इसके अलावा, मार्नस लाबुसचाग्ने 38 और पीटर हैंड्सकॉम्ब ने 37 रनों का योगदान दिया। इस पारी में भारत ने आस्ट्रेलिया के खिलाफ 322 रनों की बढ़त हासिल की थी।
आस्ट्रेलिया के खिलाफ उसी के घर में किसी टेस्ट मैच में यह भारत की रनों के हिसाब से सबसे बड़ी बढ़त है। कुल मिलाकर आस्ट्रेलिया के खिलाफ रनों के मुताबिक दूसरी सबसे बड़ी बढ़त है। इससे पहले भारत ने 1988 में ईडन गार्डन्स में खेले गए टेस्ट मैच में 400 रनों की बढ़त ली थी।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website