Monday , February 9 2026 4:03 PM
Home / Sports / रन चेंजिंग के लिए परफैक्ट है दूसरे वनडे का वैन्यू, पंत को मिल सकता है मौका

रन चेंजिंग के लिए परफैक्ट है दूसरे वनडे का वैन्यू, पंत को मिल सकता है मौका


हले वनडे में उम्दा जीत से आत्मविश्वास से भरी भारतीय टीम आस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे एकदिवसीय मैच में भी जीत के साथ अपनी बढ़त मजबूत करने के इरादे से उतरेगी जिसमें विश्व कप के दावेदार खिलाडिय़ों के पास एक बार फिर अपनी छाप छोडऩे का मौका होगा। विराट कोहली की अगुआई वाली भारतीय टीम ने शनिवार को प्रभावी प्रदर्शन करते हुए आस्ट्रेलिया को छह विकेट से हराया था। यह जीत भारत के लिए मनोबल बढ़ाने वाली थी क्योंकि इससे पहले उसे दो मैचों की टी20 श्रृंखला में 0-2 से हार का सामना करना पड़ा था।
विदर्भ क्रिकेट ग्राऊंड का रिकॉर्ड
10 : कुल मैच हुए
02 मैच पहले बैटिंग करने वाली टीम जीती
08 मैच बाद में बैटिंग करने वाली टीम जीती
261 है पहली पारी का औसत स्कोर
236 है दूसरी पारी का औसत स्कोर
हाईएस्ट टोटल : 354/7 भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ
सबसे कम टोटल : 113/10 भारतीय महिलाएं इंगलैंड के खिलाफ
351 तक का टारगेट इस ग्राऊंड पर चेस हो चुका है। इससे साफ होता है कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरे वनडे के दौरान रनों की बारिश होने की पूरी संभावना है।
जाधव पर फिर से रहेंगी नजरें
रोहित और कोहली अगर वीसीए स्टेडियम में एक साथ चल जाते हैं तो फिर मेहमान टीम की परेशानी बढ़ सकती है। अंबाती रायुडू पहले मैच में नाकाम रहे लेकिन उनकी क्षमता और टीम प्रबंधन से मिल रहे समर्थन को देखते हुए अंतिम एकादश में उनकी जगह खतरे में नजर नहीं आती। महाराष्ट्र के बल्लेबाज केदार जाधव ने पहले वनडे में नाबाद 81 रन की पारी खेलकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई थी और छठे नंबर पर उन्होंने अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है। वह आफ स्पिन गेंदबाजी करने की क्षमता के कारण टीम के लिए बेहतर विकल्प हैं।
विजय की जगह पंत को मौका मिलने के चांस
भारतीय टीम आलराउंडर विजय शंकर की जगह युवा ऋषभ पंत को मौका दे सकती है। विजय शंकर पहले वनडे में गेंद से प्रभावित करने में नाकाम रहे। महेंद्र सिंह धोनी ने भी पहले वनडे में नाबाद अर्धशतक जड़ा जिससे कोच रवि शास्त्री की चिंता कुछ कम हुई होगी। धोनी ने नाबाद 59 रन की पारी खेली और दिखा दिया कि उनमें अब भी दम बाकी है। धोनी और जाधव ने शीर्ष क्रम के विफल रहने के बाद मध्यक्रम में अहम साझेदारी की। धोनी पिछले कुछ समय से अच्छी फार्म में हैं और प्रत्येक अच्छे प्रदर्शन के साथ विश्व कप से पहले उनके मनोबल में इजाफा ही होगा।
बुमराह-शमी पर फिर से होगी बड़ी जिम्मेदारी
भारतीय गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई एक बार फिर डेथ ओवरों के विशेषज्ञ जसप्रीत बुमराह करेंगे जबकि उनका साथ मोहम्मद शमी निभाएंगे। चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव स्पिन आक्रमण की अगुआई कर रहे हैं और बीच के ओवरों में प्रभावी रहे हैं। यह देखना रोचक होगा कि रविंद्र जडेजा को अंतिम एकादश में मौका मिलता है या फिर युजवेंद्र चहल की टीम में वापसी होती है। जडेजा को पहले वनडे में कोई विकेट नहीं मिला था। दूसरी तरफ आस्ट्रेलियाई टीम भारत को 2-0 की बढ़त हासिल करने से रोकने की कोशिश करेगी।
उधर, आरोन फिंच की फॉर्म चिंता का कारण
कोच जस्टिन लैंगर के लिए हालांकि कप्तान आरोन ङ्क्षफच की फार्म ङ्क्षचता का सबब बनती जा रही है। टी-20 श्रृंखला में शून्य और आठ रन की पारियां खेलने वाले फिंच पहले वनडे में भी खाता खोलने में नाकाम रहे थे। यह 32 वर्षीय बल्लेबाज मंगलवार को उम्दा पारी खेलकर फार्म में वापसी करना चाहेगा। पहले वनडे में सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा, ग्लेन मैक्सवेल और आलराउंडर मार्कस स्टोइनिस ने जमने के बाद अपने विकेट गंवाए थे और अब अपनी गलती में सुधार करते हुए बड़ी पारी खेलना चाहेंगे। युवा पीटर हैंड्सकोंब और विकेटकीपर एलेक्स केरी भी छाप छोडऩे की कोशिश करेंगे। गेंदबाजी विभाग में लेग स्पिनर एडम जंपा ने भारतीय बल्लेबाजों को परेशान किया है और एक बार फिर मेहमान टीम के लिए उनकी मौजूदगी महत्वपूर्ण होगी। उन्हें हालांकि टीम के मुख्य तेज गेंदबाजों पैट कमिंस और नाथन कोल्टर नाइल से सहयोग की जरूरत है। आस्ट्रेलियाई टीम जेसन बेहरेनडोर्फ की जगह एंड्रय टाइ को मौका दे सकती है जो नियमित तौर पर आईपीएल में खेलते रहे हैं।
टीमें इस प्रकार हैं –
भारत : विराट कोहली (कप्तान), शिखर धवन, रोहित शर्मा, अंबाती रायुडू, महेंद्र सिंह धोनी, केदार जाधव, विजय शंकर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, ऋषभ पंत, सिद्दार्थ कौल, केएल राहुल और रवींद्र जडेजा।
आस्ट्रेलिया : आरोन फिंच (कप्तान), डार्सी शार्ट, शान मार्श, मार्कस स्टोइनिस, उस्मान ख्वाजा, एलेक्स केरी, पीटर हैंड्सकोंब, एश्टन टर्नर, एडम जंपा, जेसन बेहरेनडोर्फ, झाय रिचर्डसन, पैट कमिंस, एंड्रयू टाइ, नाथन कोल्टर नाइल और नाथन ल्योन।
समय : दोपहर 1:30 बजे।