Monday , February 9 2026 4:02 PM
Home / Sports / रांची में सीरीज जीतने उतरेगा भारत, तीसरा वनडे दोपहर डेढ़ बजे से

रांची में सीरीज जीतने उतरेगा भारत, तीसरा वनडे दोपहर डेढ़ बजे से


भारतीय क्रिकेट टीम पिछली करीबी रोमांचक जीत के बाद उत्साहित दिखाई दे रही है और अपने स्टार खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी के घर रांची में शुक्रवार को तीसरे वनडे में आस्ट्रेलिया के खिलाफ एक और जीत के साथ पांच मैचों की सीरीज में अपराजेय बढ़त बनाने के इरादे से उतरेगी। विराट कोहली की 116 रन की कप्तानी पारी और गेंदबाजों की मदद से भारत ने आस्ट्रेलिया को नागपुर वनडे में मात्र आठ रन के अंतर से हराया था और वह मौजूदा सीरीज में अभी 2-0 से आगे चल रही है। मेजबान टीम यदि रांची में भी मैच जीत जाती है तो वह पांच मैचों की सीरीज में 3-0 की अपराजेय बढ़त बना लेगी।
टीम के पूर्व कप्तान और रांची के घरेलू खिलाड़ी धोनी के लिए भी यह मैच अहम माना जा रहा है जो करियर के अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुके हैं और संभवत: अपने आखिरी विश्वकप में खेल रहे हैं। सभी की निगाहें धोनी के निजी प्रदर्शन पर भी लगी होंगी जो शानदार प्रदर्शन से मैच को यादगार बनाना चाहेंगे। आस्ट्रेलिया के लिए यह करो या मरो का मुकाबला है और उसकी कोशिश भी वापसी करने की रहेगी।
ओपनिंग क्रम एक बार फिर बना सिरदर्द
भारतीय टीम के मौजूदा प्रदर्शन से साफ है कि उसका ओपनिंग क्रम एक बार फिर सिरदर्द बन गया है। ओपनर शिखर धवन पिछले काफी समय से खराब फार्म से जूझ रहे हैं जिससे ओपनिंग क्रम टीम को मैच में अच्छी शुरूआत नहीं दिला पा रहा है। धवन के अलावा रोहित भी निराश कर रहे हैं। पिछले मैच में धवन 21 रन जबकि रोहित शून्य पर आउट हो गए थे जिससे रन बनाने की जिम्मेदारी एक बार फिर कप्तान विराट पर आ गई। धवन के पिछले रिकार्ड को देखें तो उन्होंने लंबे समय से केवल दो अर्धशतक ही बनाए हैं।

किसको खिलाए यह भी बड़ी समस्या
इंग्लैंड में 30 मई से शुरू होने जा रहे आईसीसी विश्वकप से पहले भारत के लिए विजयी संयोजन तलाशना भी बड़ी चुनौती है। टीम के पास लोकेश राहुल, अंबाटी रायुडू, धोनी, ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा जैसे अच्छे विकल्प हैं लेकिन प्रदर्शन में निरंतरता की कमी उसकी बड़ी समस्या है। रायुडू ने आखिरी बार न्यूजीलैंड के खिलाफ अर्धशतक बनाया था। यह देखना दिलचस्प रहेगी कि धवन की खराब फार्म के कारण टीम प्रबंधन राहुल को तीसरे नंबर पर मौका देता है या नहीं। पिछले मैच में विजय शंकर बल्ले और गेंद से प्रभावशाली रहे थे। विराट ने पिछले मैच में शंकर की 46 रन की उपयोगी पारी की काफी तारीफ की थी जबकि उन्होंने 15 रन पर दो विकेट भी हासिल किए और एक बार फिर उनसे इसी तरह के प्रदर्शन की अपेक्षा रहेगी।
सीरीज बचाने के लिए पूरा जोर लगाएगी ऑस्ट्रेलिया

आस्ट्रेलिया के पास भी अच्छा बल्लेबाजी और गेंदबाजी क्रम मौजूद है। पिछले मैच में पैट कमिंस 29 रन पर चार विकेट लेकर सबसे सफल रहे थे। हालांकि एडम जंपा, नाथन कोल्टर नाइल, ग्लेन मैक्सवेल, नाथन लियोन अच्छे गेंदबाज हैं लेकिन पिछले मैच में वे काफी महंगे रहे थे। वहीं बल्लेबाजों में आरोन फिंच, मैक्सवेल, पीटर हैंड्सकोंब और मार्कस स्टोइनिस अच्छे स्कोरर हैं। स्टोइनिस की 52 रन की अर्धशतकीय पारी की बदौलत टीम जीत के करीब भी पहुंची थी लेकिन जीत हाथ नहीं लग सकी। ऐसे में उसे सीरीज बचाने के लिए पूरा जोर लगाना होगा।