Wednesday , March 4 2026 6:36 PM
Home / Sports / वर्ल्ड कप / न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच मुकाबला आज; ये हो सकती हैं दोनों टीमों की प्लेइंग 11

वर्ल्ड कप / न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच मुकाबला आज; ये हो सकती हैं दोनों टीमों की प्लेइंग 11


विश्व कप क्रिकेट 2019 का सफर और रोचक होने जा रहा है। दरअसल, सेमीफाइनल के लिए सिर्फ ऑस्ट्रेलिया अब तक एकमात्र तय टीम है। भारत का दावा भी बेहद मजबूत है। न्यूजीलैंड के पास फिलहाल 11 अंक हैं और दो मैच उसे और खेलना है। इनमें से अगर वो एक भी मैच जीत जाती है तो सेमीफाइनल पक्का हो जाएगा। दूसरी तरफ, ऑस्ट्रेलियाई टीम बेफिक्र है क्योंकि हारने पर भी उसे अंकों के लिहाज से ज्यादा फर्क नहीं होगा। यह मैच भारतीय समय के अनुसार, शाम 6 बजे से लंदन के लॉर्ड्स मैदान पर खेला जाएगा। यहां हम आपको कल होने वाले इस मैच के लिए दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11 के बारे में जानकारी दे रहे हैं।

न्यूजीलैंड : ईश सोढ़ी को मिल सकता है मौका

पाकिस्तान के खिलाफ मैच में मैट हेनरी ने अच्छी गेंदबाजी नहीं की थी। बाकी मैचों में भी वो कोई खास प्रदर्शन नहीं कर सके। लॉर्ड्स का विकेट कुछ धीमा है। अगर इस पर घास रही तो मुमकिन है न्यूजीलैंड का टीम मैनेजमेंट हेनरी की जगह अनुभवी टिम साउदी को मौका दे। लेकिन, अगर पिच पर हरी घास हटा दी जाती है तो इस बात की पूरी संभावना है कि लेग स्पिनर ईश सोढ़ी 11 में जरूर शामिल रहेंगे।

ये हो सकती है न्यूजीलैंड की प्लेइंग XI
मार्टिन गुप्टिल, कॉलिन मुनरो, केन विलियम्सन (कप्तान), रॉस टेलर, टॉम ब्लंडेल (विकेट कीपर), जेम्स नीशाम, कॉलिन डीग्रांडहोमी, मिशेल सेंटनर, ट्रेंट बोल्ट, ईश सोढ़ी और लॉकी फर्ग्युसन।

ऑस्ट्रेलिया : बदलाव की संभावना कम
मैच की पूर्व संध्या पर ऑस्ट्रेलिया के कोच जस्टिन लैंगर ने साफ कर दिया कि किसी तेज गेंदबाज को वो आराम देने नहीं जा रहे हैं। इसका मतलब ये हुआ कि तीनों तेज गेंदबाज मैदान पर उतरेंगे जो अब तक हर मैच में खेलते आ रहे हैं। बल्लेबाजी में ग्लेन मैक्सवेल को छोड़ दिया जाए तो बाकी प्लेयर ने अच्छी बैटिंग की है। लिहाजा, वहां भी बदलाव की गुंजाइश न के बराबर ही है।

ये हो सकती है ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग XI
डेविड वॉर्नर, एरोन फिंच, उस्मान ख्वाजा, स्टीव स्मिथ, ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टोइनिस, एलेक्स कैरी (विकेट कीपर), पैट कमिंस, मिशेल स्टार्क, जेसन बेहरेनड्रॉफ और नाथन लॉयन।