
श्रीलंकाई खिलाड़ियों द्वारा सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए पाकिस्तान जाने से इंकार करने पर पाकिस्तान के मंत्री फवाद चौधरी ने विवादित बयान देते हुए कहा है कि भारत ने श्रीलंकाई खिलाड़ियों को पाकिस्तान आने पर आईपीएल से बाहर करने की धमकी दी है। ऐसा पहली बार नहीं है जब पाक के मंत्री फवाद ने भारत को लेकर विवादित बयान दिया हो। इससे पहले उन्होंने चंद्रयान-2 की विफलता पर तंज कसा था।
पाकिस्तान के विज्ञान और तकनीकी मंत्री फवाद चौधरी ने एक ट्वीट करते हुए लिखा, ‘स्पोर्ट्स कमेंटेटरों ने मुझे बताया कि भारत ने श्रीलंकाई खिलाड़ियों को धमकी दी है कि अगर उन्होंने पाकिस्तान दौरे पर जाने से इनकार नहीं किया तो आईपीएल से बाहर कर दिया जाएगा। यह वास्तव में घटिया रणनीति है। खेल से लेकर अंतरिक्ष तक यह एक ऐसी अंधराष्ट्रीयता है, जिसका हमें विरोध और, निंदा करनी चाहिए। भारतीय खेल प्राधिकरण की ओर से वाकई एक घटिया कदम’।
गौर हो कि श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने 27 सितंबर से शुरू हो रही 6 मैचों की सीमित ओवरों की सीरीज के लिए पाकिस्तान जाने से इनकार किया था। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने बताया कि शुरुआती टीम में शामिल खिलाड़ियों को ए सुरक्षा इंतजामों की जानकारी दी गई, लेकिन 10 खिलाड़ियों ने इससे हटने का फैसला किया है। इनमें निरोशन डिकवेला, कुसल परेरा, धनंजय डी सिल्वा, थिसारा परेरा, अकिला धनंजय, लसिथ मलिंगा, एंजेलो मैथ्यूज, सुरंगा लकमल और दिनेश चंडीमल जैसे खिलाड़ी शामिल हैं।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website