
वेंट्स स्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने बीते दिनों एक इंटरव्यू में अपने बचपन से जुड़ी कई बातें अपने फैंस से शेयर की थीं। रोनाल्डो ने कहा था कि गरीबी के दौर में एक वक्त ऐसा भी आया जब वह बर्गर खाने के लिए भीख मांगते थे। रोनाल्डो ने कहा- भूख लगने पर वह मैकडोनाल्ड रैस्टोरैंट के पीछे वाले दरवाजे पर जाते थे और उन्हें बचे हुए बर्गर देने की गुहार लगाते थे। रैस्टोरैंट में काम करती 3 महिलाएं उसकी मदद करती थी। इनमें से एक महिला का नाम एडेना था। रोनाल्डो ने इंटरव्यू के दौरान उक्त महिलाओं को ढूंढने की अपील की थी। अब ब्रिटिश मीडिया ने उनमें से एक महिला को ढूंढ निकाला है।
ब्रिटिश पत्रकार पीयर्स मोर्गन ने ट्वीट किया है कि शायद हमने एडेना को तलाश लिया है। पुर्तगाली रेडियो ने भी बाकी बची दो में से एक लड़की को ढूंढ लिया है। पाउला लेका नाम की यह महिला खुद ही सामने आईं और खुद को मैक्डोनाल्ड का पूर्व कर्मी बताते हुए रोनाल्डो की कहानी की पुष्टि की। पाउला ने बताया कि काम के दौरान तब एडेना उनसे सीनियर थीं हालांकि अब वह एडेना के संपर्क में नहीं हैं।
पाउला ने कहा कि उस दौरान रोनाल्डो और उनके दोस्त आते थे। जब हमारे पास बर्गर बच जाते थे तो मैनेजर की अनुमति से हम वो बर्गर उन लोगों को दे देते थे। रोनाल्डो उन सभी लोगों में से सबसे शर्मीले थे। ऐसा लगभग हर रात को होता था।
बता दें कि इंटरव्यू के दौरान रोनाल्डो ने इन तीनों महिलाओं का जिक्र करते हुए कहा था कि वह काफी समय से इन महिलाओं को ढूंढ रहे थे। उनकी यह तलाश पुर्तगाल में लंबे समय तक जारी रही। रोनाल्डो ने कहा था कि अगर कोई उन्हें यह महिलाएं ढूंढकर ला दें तो वह उनका शुक्रिया अदा करना चाहते हैं। रोनाल्डो ने कहा कि इन महिलाओं ने तब मेरी मदद की थी जब मैं संघर्ष के दिनों में था। मैं बस उनके साथ डिनर कर उनका शुक्रिया अदा करना चाहता हूं।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website