Wednesday , March 4 2026 5:18 PM
Home / Sports / शैली एन फ्रेज़र प्राइस बनीं 100 मीटर की वर्ल्ड चैंपियन, मां बनने के बाद पहली बार जीता स्वर्ण पदक

शैली एन फ्रेज़र प्राइस बनीं 100 मीटर की वर्ल्ड चैंपियन, मां बनने के बाद पहली बार जीता स्वर्ण पदक

दोहा (30 सितंबर, 2019)- दोहा में चल रही 17वीं विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के तीसरे दिन महिलाओं की 100 मीटर रेस के खिताबी मुकाबले पर सभी की नज़रें थीं। खिताब की तगड़ी दावेदार जमैका की शैली एन फ्रेज़र प्राइस ने किसी को निराश नहीं किया औऱ 10.71 में फर्राटा रेस के गोल्ड मैडल पर कब्जा जमाया। मां बनने के बाद शैली का ये पहला खिताबी मुकाबला था जिसे उन्होंने शानदार अंदाज में खत्म किया। इसी के साथ वो महिलाओं की 100 मीटर रेस के इतिहास में पांचवीं सबसे तेज धाविका बन गई है। इंग्लैंड की दिना एशेर स्मिथ 10.83 सैकंड का समय निकालते हुए दूसरे स्थान पर रहीं जबकि आइवरी कोस्ट की तालू 10.90 सैकंड का समय लेते हुए कांस्य पदक जीतीं।

दिन का दूसरा गोल्ड अमेरिका के ही क्रिश्चियन टेलर के नाम रहा जिन्होंने पुरुषों की ट्रिपल जंप का गोल्ड मैडल 17.92 मीटर लंबी छलांग लगाकर हासिल किया।

दिन का तीसरा गोल्ड 4×400 मीटर मिक्स्ड इवेंट में था। जिसे अमेरिकी टीम ने 3  मिनट 9.34 सैकंड के वर्ल्ड रिकॉर्ड के साथ हासिल किया। इस टीम में अमेरिका की एलिसन फेलिक्स भी थीं जिनका ये वर्ल्ड चैंपियनशिप में सबसे ज्यादा 12 वां गोल्ड मैडल था। इस फाइनल में भारतीय धावकों की चौकड़ी भी थी लेकिन उनका सातवां नंबर ही लग पाया। अनास मोहम्मद ,विस्मया, कृष्णा मैथ्यू औऱ नोहा निर्मल ने सीजन का बेस्ट टाइम तीन मिनट 15.77 सैकंड का वक्त लिया।

रविवार का चौथा स्वर्ण पदक महिलाओं की पोल वाल्ट में एंज़रिका सिदोरोवा ने 4.95 मीटर की ऊंचाई को पार कर स्वर्ण पदक जीता । सिदोरोवा की खास बात ये रही कि वे किसी भी देश का प्रतिनिधित्व नहीं कर रही थीं।

दिन का आखिरी और पांचवां स्वर्ण पदक महिलाओं की 20 किलोमीटर रेस वॉक में चीन की हौंग लिऊ ने जीता उन्होंने 1 घंटे 32 मिनट और 53 सैकंड का समय निकाला।

तीसरे दिन गोल्ड मैडल जीतने वाली तीनों महिलाओं के लिए एक समान बात ये थीं कि तीनों ही पिछले दो साल में मां बनीं और मां बनने के बाद शानदार वापसी की।

वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में दर्शकों की कम संख्या लगातार चर्चा का विषय बनी हुई है। पुरुषों और महिलाओं की 100 मीटर रेस के फाइनल में खाली स्टेडियम ने अंतर्राष्ट्रीय प्रेस का ध्यान अपनी ओर खींचा। तीसरे दिन का अंत होने तक पदक तालिका में अमेरिका 4 गोल्ड मैडल के साथ कुल 8 पदक जीतने के बाद सबसे पहले पायदान पर है। चीन दूसरे , जमैका तीसरे और केन्या चौथे स्थान पर है।