Saturday , March 7 2026 5:07 PM
Home / Sports / अमेरिका के नोहा लाईल्स ने जीता 200 मीटर का स्वर्ण पदक, केन्ड्रिक्स, बार्बर और ब्रेज़ियर ने भी मचाया तहलका

अमेरिका के नोहा लाईल्स ने जीता 200 मीटर का स्वर्ण पदक, केन्ड्रिक्स, बार्बर और ब्रेज़ियर ने भी मचाया तहलका

दोहा (2 अक्टूबर 2019) – वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप के पांचवें दिन नोआह लाईल्स ने ट्रेक पर बादशाहत साबित कर दी। पुरुषों के 200 मीटर के फाइनल में अमेरिका के लाईल्स पर सभी की नज़रे थीं लिहाज़ा उन्होंने दर्शकों को निराश नहीं किया और 19.83 सैकंड में रेस जीतते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। कनाडा के आंद्रे डि ग्रास 19.95 सैकंड का समय लेते हुए दूसरे स्थान पर रहे।

पुरुषों की 800 मीटर रेस में अमेरिकी एथलीट ने ही बाजी मारी। डोनोवन ब्रेज़ियर ने 1 मिनट 42.34 सैकंड का समय लेते हुए गोल्ड मैडल पर कब्जा जमाया।

दिन के तीसरे गोल्ड मैडल के लिए पुरुषों का पोल वाल्ट मुकाबला काफी रोमाचंक रहा  लेकिन अंत में अमेरिका के सैम केन्ड्रिक्स ने 5.97 मीटर की ऊंचाई लांघ कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया.

महिलाओं के जेवलिन थ्रो का स्वर्ण पदक ऑस्ट्रेलिया की केल्सी-ली-बार्बर के नाम रहा। उन्होंने आखिरी राउंड में जबर्दस्त वापसी करते हुए 66.56 मीटर दूर तक भाल फेंक स्वर्ण पदक जीता। चीन के एथलीटों ने रजत और कांस्य पदक जीता भारत की अनु रानी ने फाइनल में आखिरी 12 से आखिरी 8 में जगह बना ली लेकिन इसके बाद आगे नहीं बढ़ पाई। हालांकि फाइनल अनु रानी ने 61.12 मीटर तक भाला फेंका।

पुरुषों की 3000 मीटर स्टीपलचेज़ में भारत के अविनाश साबले ने फाइनल में जगह बना ली है। महाराष्ट्र के बीड जिले के रहने वाले अविनाश ने हीट्स में अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन दूसरे एथलीटों की वजह से उनके रिदम और प्रदर्शन में दो बार खलल पड़ा जिसका विरोध भारतीय टीम ने रैफ्री के सामने जताया। रैफ्री ने भारतीय दल के आग्रह को सही मानते हुए, अविनाश को 4 अक्टूबर को होने वाले फाइनल में दौड़ने की इजाजत दे दी।हीट्स में अविनाश ने 8 मिनट 25.23 सैकंड का समय लिया।

इस बार जमैका के एथलीट ट्रैक पर अपना दबदबा नहीं जमा पा रहे हैं और अमेरिकी एथलीटों ट्रैक और फिल्ड दोनों ही ईवेंट में बाजी मारते हुए दिखाई दे रहे हैं।