Sunday , May 24 2026 5:25 PM
Home / Sports / दिना एशेर-स्मिथ ने 200 मीटर का जीता स्वर्ण, होलोवे 110 मीटर हर्डल्स के बने चैंपियन

दिना एशेर-स्मिथ ने 200 मीटर का जीता स्वर्ण, होलोवे 110 मीटर हर्डल्स के बने चैंपियन

दोहा (2 अक्टूबर,2019) विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के छठे दिन तीन स्वर्ण पदकों का फैसला हुआ। पुरुषों की 110 मीटर हर्डल्स में उस समय तहलका मच गया जब जमैका के मैक्लॉयड ट्रैक पर गिर गए और डिस्क्वालिफाई हो गए और अमेरिका के ग्रांड होलोवे ने 13.10 सैकंड में रेस पूरी करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। मैक्लॉयड के ट्रैक पर गिरने से स्पेन के ऑर्टेगा की रिदम भी बिगड़ गई जिसकी वजह से उन्हें पांचवें स्थान से ही संतुष्ट करना पड़ा। शुबेनकोव 13.15 सैकंड में दूसरे और फ्रांस के लगार्ड 13.18 सैकंड का समय लेते हुए तीसरे स्थान पर रहे।

महिलाओं के 200 मीटर के फाइनल में इंग्लैंड की दिना एशेर स्मिथ पर सभी की नज़रें थीं। दिना ने सीज़न के बेहतरीन फॉर्म को 200 मीटर में भी जारी रखा और उन्होंने नया नेशनल रिकार्ड बनाते हुए 21.88 सैकंड में रेस पूरी कर स्वर्ण पदक जीता। दोहा वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में दीना स्मिथ का ये दूसरा पदक है। अमेरिका की ब्रिटनी ब्राऊन ने 22.22 सैकंड के साथ रजत पदक जीता वहीं स्विटज़रलैंड की कांबुन्जी ने 22.51 सैकंड में रेस पूरी करते हुए कांस्य पदक जीता।

पुरुषों के हैमर थ्रो में पौलेंड के पॉवेल फाडेक ने 80.50 मीटर दूरी तक हैमर थ्रो कर स्वर्ण पदक हासिल किया। छठे दिन के अंत तक 8 स्वर्ण पदकों के साथ अमेरिका ने कुल 18 पदक जीतकर पदक तालिका में पहला स्थान बरकरार रखा है।