Monday , April 13 2026 7:33 AM
Home / Sports / लंबी दूरी के ईवेंट्स में केन्या, इथियोपियो की बादशाहत अब भी बरकरार, दोहा में दिखे ओलंपिक खेलों के रुझान…

लंबी दूरी के ईवेंट्स में केन्या, इथियोपियो की बादशाहत अब भी बरकरार, दोहा में दिखे ओलंपिक खेलों के रुझान…

11 अक्टूबर, 2019 – दोहा में हुई विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप ने इस बात की और साफ तौर पर इशारा कर दिया है कि साल 2020 में जापान की राजधानी टोक्यो में होने जा रहे ओलंपिक खेलों में किन एथलीटों की दावेदारी मजबूत होगी।  लंबी दूरी के ईवेंट्स में अब भी केन्या, इथियोपिया और युंगाडा जैसे अफ्रीकी देशों की बादशाहत बरकरार है। हालांकि नीदरलैंड, अमेरिका, जापान और चीन के एथलीटों ने चुनौती देने में कोई कसर नहीं छोड़ी। कुछ एथलीट ऐसे भी हैं जो मूल रुप से अफ्रीका के निवासी रहे लेकिन राष्ट्रीयता बदलने के बाद वे यूरोपीय और अमेरिकी देशों के लिए पदक जीत रहे हैं। लंबी दूरी के ट्रेक ईवेंट में कुल 16 स्वर्ण पदक दांव पर थे जिसमें से अफ्रीकी देशों के खाते में आधे स्वर्ण पदक गए, जिनमें से केन्या ने पांच स्वर्ण, इथियोपिया ने दो और युगांडा ने एक स्वर्ण पदक जीता जबकि चीन,जापान और नीदरलैंड ने दो- दो और अमेरिका ने एक स्वर्ण पदक जीता।

800 मीटर रेस में अमेरिका के डोनोवन ब्रेज़ियर ने 1 मिनट 42.34 सैकंड का समय लेते हुए पहला स्थान हासिल किया। वहीं महिलाओं में युगांडा की हलिमा नकायी ने 1 मिनट 58.04 सैकंड का समय लेते हुए गोल्ड जीता।

1500 मीटर रेस हमेशा से ही लंबी दूरी की सबसे चहेती दौड़ रही है। हेल गेब्रीसलासी और डेविड रुडिशा जैसे दिग्गज इस रेस के बादशाह रहे हैं। लेकिन इस बार वर्ल्ड चैंपियनशिप में केन्या के टिमोथी चेरुईयॉट ने 3 मिनट 29.26 सैकंड का समय निकालते हुए केन्याई दबदबा जारी रखा। महिलाओं में नीदरलैंड की सिफान हसन ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। हसन का दोहा वर्ल्ड  चैंपियनशिप में ये दूसरा स्वर्ण था। उन्होंने 3 मिनट 51.95 सैकंड में बेहतरीन प्रदर्शन किया और आखिरी लैप में तेज़ रफ्तार पकड़ते हुए अच्छी मार्जिन से रेस जीती। दूसरे स्थान पर हाल ही में मां बनी केन्या की फेथ किपयेगों रहीं।

3000 मीटर स्टीपलचेस में केन्या के कॉन्सिलस किपरुटो 8 मिनट 1.35 सैकंड का समय लेते हुए वर्ल्ड लीडर के रुप में उभरे। वहीं महिलाओं के वर्ग में भी केन्या की बीट्राइस चेपकॉईच ने 8 मिनट 57.84 सैकंड में रेस पूरी कर गोल्ड मैडल जीता। अमेरिका की एम्मा कुबर्न ने कोशिश पूरी की मगर 5 सैकंड के फासले से रजत से संतोष करना पड़ा। उन्होंने 9 मिनट 2.35 सैकंड का समय लिया।

5000 मीटर रेस में भी अफ्रीकी एथलीटों का दबदबा रहा। इथियोपिया के मुक्तार एदरीस ने 12 मिनट 58.85 सैकंड का समय लेते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं रजत पदक भी इथियोपिया के खाते में ही गया। महिलाओं के वर्ग में केन्या की हेलेन ओबिरी ने नया चैंपियनशिप रिकॉर्ड बनाते हुए 14 मिनट 26.72 सैकंड का समय लिया वहीं रजत पदक हासिल करने वाली मार्गरेट किपकेम्बोई सिर्फ एक सैकंड पीछे रही।

10,000 मीटर रेस में युगांडा के जोशुआ चेपटेगी ने 26 मिनट48.36 सैकंड का समय लेते हए नए वर्ल्ड लीडर बने। रजत पदक इथियोपिया के नाम और कांस्य पदक    केन्या के नाम रहा। महिलाओं के वर्ग में नीदरलैंड की सिफान हसन ने 30 मिनट 17.62 सैकंड का समय लेते हुए अव्वल स्थान हासिल किया। जबकि इथियोपिया और केन्या के एथलीटों ने रजत और कांस्य पदक जीता।

पुरुष मैराथन में इथियोपिया के लेलिसा देसिसा ने अपने नाम की। ज्यादा उमस होने के बावजूद देसिसा ने 2 घंटे 10 मिनट 40 सैकंड में रेस पूरी करते हुए स्वर्ण पदक जीता। गर्मी और उमस होने की वजह से मैराथन रेस के इतिहास में पहली बार 42 किलोमीटर दूरी की ये रेस आधी रात को शुरू की गई। कठिन हालात के बावजूद महिला मैराथन में केन्या की रुथ चेपगैटिच ने 2 घंटे 32 मिनट 43 सैकंड में रेस पूरी करते हुए स्वर्ण पदक जीता । अत्याधिक उमस की वजह से इस समय को सबसे धीमा समय माना जा रहा है। इसी साल जनवरी में रुथ ने दुबई मैराथन 2 घंटे 17 मिनट 08 सैकंड में पूरी कर ली थी।  हालांकि महिलाओं का वर्ल्ड रिकॉर्ड इंग्लैंड की पाऊला रेडक्लिफ के पास है जो उन्होंने 2 घंटे 15 मिनट और 25 सैकंड का समय लेते हुए बनाया था। इन दोनों की एथलीट पर अगले साल होने वाले ओलंपिक खेलों में नजर रहेगी।

मैराथन रेस पर सभी की नजरे इसलिए भी हैं क्योंकि 12 अक्टूबर शनिवार को केन्या के एलियुड किपचोगे 1.59 चैलेंज में दौड़ने वाले हैं जिसमें उनका लक्ष्य 2 घंटे से कम समय में 42.195 किलोमीटर रेस को पूरा करना होगा। फिलहाल किपचोगे के नाम ही मैराथन का वर्ल्ड रिकॉर्ड है जो उन्होंने बर्लिन में 2 घंटे 1 मिनट और 39 सैकंड का समय लेते हुए बनाया था। हालांकि कुछ दिनों पहले हुई बर्लिन मैराथन में केन्या के ही केनिनिसा बेकेले ने 2 घंटे 1 मिनट और 41 सैकंड का समय लेते हुए 2 सैकंड से वर्ल्ड रिकार्ड तोड़ने में चूक गए। इस शनिवार को सभी की नज़रे किपचोगे पर होगी जो 2 घंटे का बैरियर तोड़ने की कोशिश करेगें।

महिलाओं की 20 किलोमीटर रेस वाक में चीन की होंग लिऊ ने मां होने के बावजूद स्वर्ण पदक जीता जबकि पुरुष में स्वर्ण पदक जापान के धावक के नाम रहा।

वाक वाले ईवेंट्स में चीन और जापान के एथलीटों का दबदबा दिखाई दिया। पुरुषों में जापान तो महिलाओं में चीन के धाविकाएं हावी रहीं। मेन्स 50 किलोमीटर रेस वाक में जापान के युसुके सुज़ुकी ने पहला स्थान हासिल किया। वहीं महिलाओं की 50 किलोमीटर रेस वाक में चीन की रुई लियांग ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।

लंबी दूरी के ट्रेक ईवेंट विजेता  

         पुरुष विजेता           महिला विजेता
ईवेंट विजेता टाइम विजेता टाइम
800 mtr. डोनोवन ब्रेज़ियर USA 1m42.34s  हलीमा नकाई UGA 1m58.04s
1500 mtr. टिमोथी चेरुईयॉट KEN 3m29.26s सिफान हसन NED 3m51.95s
3000mtr.

Steelplechase

कॉन्सिलस किपरुटो KEN 8m1.35s बीट्राइस चेपकॉईच KEN 8m57.84s
5000 mtr. मुक्तार इदरीस ETH 12m58.85s हेलेन ओबेरी KEN 14m26.72s
10000 mtr. जोशुआ चेपटेगेई UGA 26m48.36s सिफान हसन NED 30m17.62s
Marathon

42.195 Km

लेलिसा देसिसा ETH 2h10m40s रुथ चेपगैटिच KEN 2h32m43s
20 Km Race Walk  तोशीकाजु यामानिशी JPN 1h26m34s होंग लिऊ CHN 1h32m53s
50 Km Race Walk  युसुके सुजुकी  JPN 4h4m20s रुई लियांग CHN 4h23m26s