Tuesday , February 10 2026 6:29 AM
Home / Sports / न्यूजीलैंड के साथ नंबर एक स्थान को खुशी से साझा करेंगे: विराट कोहली

न्यूजीलैंड के साथ नंबर एक स्थान को खुशी से साझा करेंगे: विराट कोहली


भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली ने बुधवार को कहा कि न्यूजीलैंड हमेशा सही भावना के साथ खेल खेलता है और यदि भारत किसी के साथ नंबर एक का स्थान साझा करता है, तो यह निश्चित रूप से कीवी टीम होगी। उन्होंने यह बात भारतीय उच्चायोग की ओर से आयोजित समारोह में कहा। बता दें कि न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के शुरू होने से ठीक पहले इंडियन हाई कमिशन (भारतीय उच्चायोग) ने भारतीय टीम का सम्मान किया।
आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में भारत टॉप पर है, वहीं न्यूजीलैंड चौथे नंबर पर है। उन्होंने आगे कहा, ‘हम यहां आकर बहुत ही सम्मानित महसूस कर रहे हैं। आमंत्रित करने के लिए हम आप सभी का तहे दिल से शुक्रिया अदा करते हैं। हमने अपने लोगों का साथ एंजॉय किया।’
विराट कोहली ने कहा, ‘भारतीय टीम को यहां जो प्यार मिला वह वाकई तारीफ के काबिल है। वनडे सीरीज में हार मिली, लेकिन टेस्ट सीरीज के लिए हम तैयार हैं।’ दोनों टीमों के बीच पहला टेस्ट वेलिंग्टन में शुक्रवार को खेला जाएगा। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप टेबल में भारतीय टीम नंबर वन है, जबकि न्यूजीलैंड की टीम फिलहाल छठे नंबर पर है
पहले बोलिंग करने वाली टीम फायदे में
जनवरी 2016 से न्यूजीलैंड इकलौता देश है जहां टॉस जीतकर पहले बोलिंग करने वाली टीम ने ज्यादा मैच जीते हैं।
विराट के लिए बैटिंग फायदेमंद
विराट ने भारत से बाहर जिन 10 टेस्ट मैचों में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है उनमें से भारत ने 8 जीते हैं और दो मैच ड्रॉ रहे हैं। यानी टीम इंडिया एक भी मुकाबला नहीं हारी है।
बोलिंग फायदेमंद नहीं
वहीं पहले बोलिंग करते हुए 11 मैचों में भारतीय टीम 8 हारी है और तीन ड्रॉ रहे हैं। यानी इसमें से भारतीय टीम एक भी मुकाबला नहीं जीत पाई है। आखिरी बार भारतीय टीम टॉस जीतकर पहले बोलिंग करते हुए कोई मैच जीती थी तो साल 2010 में।
न्यूजीलैंड का घरेलू रेकॉर्ड शानदार
दिसंबर 2013 से न्यूजीलैंड ने घरेलू मैदानों पर 11 टेस्ट सीरीज जीती हैं और सिर्फ दो हारी हैं। अप्रैल 2017 से वह अपने घर पर एक मैच भी नहीं हारी है।
भारत का हालिया रेकॉर्ड शानदार
2003/04 से भारत और न्यूजीलैंड के बीच हुए पिछले 15 टेस्ट मैचों में से टीम इंडिया ने सात जीते हैं और सात ही ड्रॉ रहे हैं। इस दौरान भारत ने सिर्फ एक मैच हारा है।
अश्विन का रेकॉर्ड लाजवाब
भारतीय ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया है। अश्विन ने कीवी टीम के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों में कुल 45 विकेट लिए हैं। यानी हर टेस्ट मैच में औसतन उन्होंने नौ विकेट अपने नाम किए हैं।
विराट बना सकते हैं रेकॉर्ड
विराट कोहली अगर न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में सेंचुरी लगा देते हैं तो वह SENA (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड) में सेंचुरी लगाने वाले पहले एशियाई कप्तान बन जाएंगे।
रॉस टेलर बना लेंगे यह रेकॉर्ड
रॉस टेलर ने अभी तक 99 टेस्ट मैच खेले हैं। वह तीनों प्रारूपों में 100 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले पहले खिलाड़ी बन जाएंगे। टेलर ने 231 वनडे इंटरनैशनल और 100 टी20 इंटरनैशनल मैच खेले हैं।
इस दौरान उन्होंने कीवी टीम के कप्तान केन विलियमसन के साथ सीमारेखा के करीब हुई बातचीत का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि हम दोनों के बीच लाइफ के बारे बात हुई थी, न कि क्रिकेट के बारे में।