Tuesday , February 10 2026 2:28 PM
Home / Sports / एक बार सलाह देने पर यूनिस ने मेरी गर्दन पर चाकू रख दिया था: पूर्व कोच ग्रांट फ्लावर

एक बार सलाह देने पर यूनिस ने मेरी गर्दन पर चाकू रख दिया था: पूर्व कोच ग्रांट फ्लावर


पाकिस्तान के पूर्व बल्लेबाजी कोच ग्रांट फ्लावर (Grant Flower) ने दावा किया कि एक बार जब उन्होंने ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान पूर्व कप्तान यूनिस खान (Younis khan) को कुछ सलाह देने की कोशिश की तो उन्होंने उनकी गर्दन पर चाकू रख दिया था। जिम्बाब्वे के फ्लावर से तब पूछा गया कि उनके कोचिंग करियर के दौरान उन्हें किन मुश्किल खिलाड़ियों से सामना करना पड़ा तो 49 वर्षीय कोच ने यूनिस से जुड़ी घटना याद की। वह 2014 से 2019 तक पाकिस्तान के बल्लेबाजी कोच रहे थे।
फ्लावर इस समय श्रीलंका के बल्लेबाजी कोच हैं। उन्होंने ‘फॉलोइंग ऑन क्रिकेट पोडकास्ट’ पर अपने भाई एंडी और मेजबान नील मैंथोर्प के साथ बातचीत में कहा, ‘यूनिस खान…उन्हें सिखाना काफी कठिन है।’ उन्होंने कहा, ‘मुझे ब्रिस्बेन की एक घटना याद है, टेस्ट मैच के दौरान सुबह के नाश्ते पर मैंने उसे कुछ बल्लेबाजी सलाह देने की कोशिश की…लेकिन उसे मेरी सलाह अच्छी नही लगी और वह चाकू मेरी गर्दन तक ले आया, मिकी आर्थर साथ ही बैठे थे, जिन्हें बीच में हस्तक्षेप करना पड़ा।’
फ्लावर ने कहा, ‘हां, यह दिलचस्प रहा, लेकिन यह कोचिंग का हिस्सा है। इससे यह यात्रा काफी मुश्किल हो जाती है और मैंने इसका सचमुच लुत्फ उठाया है। मुझे अभी काफी कुछ चीजें सीखनी हैं लेकिन में काफी भाग्यशाली हूं कि मैं इस मुकाम तक पहुंचा हूं।’ यूनिस को हाल में इंग्लैंड के दौरे के लिए पाकिस्तानी टीम का बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया गया। उन्होंने पाकिस्तान के लिए 118 टेस्ट में 52.05 के औसत से 10,099 रन बनाए हैं।