Tuesday , February 10 2026 2:23 PM
Home / Sports / जो रूट ने सुपर स्टार बेन स्टोक्स को दिया नया नाम, बोले- वह तो ‘मिस्टर इनक्रेडिबल’ हैं

जो रूट ने सुपर स्टार बेन स्टोक्स को दिया नया नाम, बोले- वह तो ‘मिस्टर इनक्रेडिबल’ हैं


कप्तान जो रूट का मानना है कि इंग्लैंड की टीम में महान खिलाड़ी है और ‘मिस्टर इनक्रेडिबल’ बेन स्टोक्स के लिए कोई सीमा नहीं है। रूट ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट में स्टोक्स के मैच विजयी प्रदर्शन से सीरीज में बराबरी हासिल करने के बाद यह बात कही। स्टोक्स ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट में इंग्लैंड की 113 रन की जीत में अहम भूमिका निभाई। इस आलराउंडर ने पहली पारी में 176 रन की धैर्यपूर्ण पारी खेलने के अलावा दूसरी पारी में 57 गेंद में नाबाद 78 रन की तेजतर्रार पारी खेली।
स्टोक्स ने तीन विकेट भी चटकाए जिससे उन्हें मैन आफ द मैच का पुरस्कार मिला। रूट ने मैच के बाद कहा, ‘सभी समझते हैं कि हम ऐसे खिलाड़ी को देख रहे हैं तो अपने खेल के शीर्ष पर है, विश्व क्रिकेट में शीर्ष पर, जो लगातार योगदान दे रहा है।’ उन्होंने कहा, ‘हमें इसे संजोकर रखना होगा, सराहना करनी होगी और हमें समझना होगा कि हमारे पास महान खिलाड़ी है और हम उसका अधिक दोहन नहीं करें।’
​ऐसा रहा मैच का रोमांच
मैच की बात करें तो ओल्ड ट्रेफर्ड मैदान पर मेजबान ने वेस्टइंडीज को 113 रनों से हराया। इस जीत के साथ ही इंग्लैंड ने तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-1 से बराबरी हासिल कर ली है। इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी नौ विकेट के नुकसान पर 469 रनों पर घोषित की। उसने वेस्टंडीज को पहली पारी में 287 रनों पर ढेर कर 182 रनों की बढ़त के साथ दूसरी पारी की शुरुआत की और अपनी दूसरी पारी को तीन विकेट के नुकसान पर 129 रनों पर घोषित कर विंडीज के सामने 312 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब में विंडीज टीम 198 रन ही बना सकी।
टॉप ऑर्डर और लोअर ऑर्डर फेल
लक्ष्य बड़ा था, लेकिन वेस्टइंडीज की टीम मैदान पर रुककर इसे बचाने की कोशिश कर सकती थी। लेकिन उसकी शुरुआत खराब रही। टीम ने पहले सत्र में 25 रन तक अपने तीन विकेट गंवा दिए थे। दूसरे सत्र में मेहमान टीम ने थोड़ी वापसी करने की कोशिश की, लेकिन तीसरे और अंतिम सत्र में उसके मध्यम और निचले क्रम के बल्लेबाज विकेट पर टिकने का साहस नहीं जुटा पाए और टीम 70.01 ओवर में 198 रनों पर आलआउट हो गई।
​इसलिए टर्निंग पॉइंट रहे ब्लैकवुड
टीम का तीसरा विकेट 23 रन पर शाई होप (7) के रूप में गिरा था, जबकि चौथा विकेट रोस्टन चेज (6) के रूप में 37 रनों के टीम स्कोर पर गिरा। इसके बाद जर्मेन ब्लैवुड ने मोर्चा संभाला और शामराह ब्रूक्स (136 गेंदों पर चार चौके और दो छक्के की मदद से सर्वाधिक 62) के साथ मिलकर 100 रनों की साझेदारी की। ब्लैकवुड शानदार अंदाज में थे और मैच बचता दिख रहा था कि बेन स्टोक्स ने 43वें ओवर की चौथी गेंद पर उन्हें स्टोक्स के हाथों कैच आउट करा दिया। उन्होंने 88 गेंदों पर सात चौके के दम पर 55 रन बनाए।
​61 रन बनाने में टीम ढेर
अगले 61 रन बनाने में टीम ऑलआउट हो गई। इसके बाद कप्तान जेसन होल्डर ने 35 रन जरूर बनाए, लेकिन वह भी 183 के स्कोर पर 8वें बल्लेबाज के रूप में आउट हो गए। होल्डर ने 62 गेंदों पर पांच चौके और एक छक्का लगाया। वेस्टइंडीज ने अपना नौवां विकेट 192 के स्कोर पर अल्जारी जोसेफ (9) के रूप में और अंतिम विकेट केमार रोच (5) के रूप में 198 के स्कोर पर खोया।
स्टोक्स की तुलना कार्टून सुपरहीरो ‘मिस्टर इनक्रेडिबल’ से करते हुए रूट ने कहा कि इस ऑलराउंडर की किसी भी स्थिति से सामंजस्य बैठाने की क्षमता उन्हें टीम के लिए बहूमूल्य बनाती है। उन्होंने कहा, ‘वह वास्तविक ऑलराउंडर हैं, जो आपको विश्व क्रिकेट में अधिक नहीं दिखते। वह ऐसे खिलाड़ी हैं, जो किसी भी समय खेल का रुख बदल सकते हैं।’
बेन स्टोक्स ने दिखाया दम, इंग्लैंड ने सीरीज में की बराबरी
रूट ने कहा, ‘वह मिस्टर इनक्रेडिबल हैं। वह संभवत: थोड़ा कार्टून चरित्र की तरह भी है। उनकी काया इसी तरह की है, लेकिन संभवत: अब वह अधिक छरहरा हैं। बेन स्थिति के अनुसार खेल सकते हैं- यह दर्शाता है कि वह हमारी टीम के लिए कितना उपयोगी हैं।’