Tuesday , February 10 2026 6:50 AM
Home / Sports / ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड को 50 रन से हराया:एरॉन फिंच ने टी-20 में सिक्स की सेंचुरी लगाई, कीवी टीम के 8 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके

ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड को 50 रन से हराया:एरॉन फिंच ने टी-20 में सिक्स की सेंचुरी लगाई, कीवी टीम के 8 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके


ऑस्ट्रेलियाई कप्तान एरॉन फिंच टी-20 इंटरनेशनल में 100 सिक्स लगाने वाले पहले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज बन गए। उन्होंने यह उपलब्धि न्यूजीलैंड के खिलाफ शुक्रवार को खेले गए चौथे टी-20 में हासिल की। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने 50 रन से जीत दर्ज की।
दोनों देशों के बीच 5 मैचों की सीरीज अब 2-2 की बराबरी पर आ गई है। सीरीज का आखिरी और निर्णायक मुकाबला 7 मार्च को खेला जाएगा। 157 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड टीम के 8 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके।
मैक्सवेल ने 9 गेंद पर 18 रन बनाए : टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 156 रन बनाए। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और मैथ्यू वेड 14 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद जोश फिलिप (13 रन) भी कुछ खास नहीं कर सके। ग्लेन मैक्सवेल ने आते ही कुछ बड़े शॉट्स लगाए। हालांकि, वे 9 गेंदों पर 2 चौके और 1 सिक्स की मदद से 18 रन बनाकर आउट हो गए।
फिंच ने करियर की 14वीं फिफ्टी पूरी की : इसके बाद फिंच और मार्कस स्टोइनिस ने चौथे विकेट के लिए 25 रन की पार्टनरशिप की। स्टोइनिस 19 रन बनाकर आउट हुए। इस दौरान फिंच ने टी-20 करियर की 14वीं फिफ्टी पूरी की। उन्होंने 55 गेंदों पर 79 रन की नाबाद पारी खेल ऑस्ट्रेलिया के स्कोर को 150 रन के पार पहुंचाया। उनके साथ जे रिचर्ड्सन 4 रन बनाकर नॉटआउट रहे। न्यूजीलैंड की ओर से लेग स्पिनर ईश सोढ़ी ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। वहीं, ट्रेंट बोल्ट को 2 और मिचेल सेंटनर को 1 विकेट मिला।
फिंच ने ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज्यादा छक्के लगाए : फिंच ऑस्ट्रेलिया के लिए टी-20 में 100 छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज हैं। इंटरनेशनल टी-20 में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के मार्टिन गुप्टिल के नाम है। उन्होंने कुल 135 छक्के लगाए हैं। इसके बाद दूसरे नंबर पर भारत के रोहित शर्मा हैं। उनके नाम टी-20 में 127 सिक्स हैं। तीसरे नंबर पर इयोन मॉर्गन हैं। उनके नाम 113 सिक्स है। फिंच ओवरऑल सिक्स लगाने के मामले में छठवें नंबर पर हैं।
फिंच ऑस्ट्रेलिया के लीडिंग रन स्कोरर बने : फिंच इसी के साथ ऑस्ट्रेलिया के लिए टी-20 में लीडिंग रन स्कोर भी बन गए। उन्होंने इस मामले में वॉर्नर को पीछे छोड़ दिया। 70 मैचों में फिंच के नाम 2,310 रन हैं। इसमें 2 सेंचुरी और 14 फिफ्टी शामिल है। वहीं, वॉर्नर ने 81 मैच में 2,265 रन बनाए हैं। इसमें 18 फिफ्टी शामिल है।
8 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके : 157 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने 48 रन के अंदर कप्तान केन विलियम्सन (8 रन) समेत 5 विकेट गंवा दिए थे। मार्टिन गुप्टिल (7 रन), टिम सीफर्ट (19 रन), ग्लेन फिलिप्स (1 रन), जिमी नीशम (3 रन) कुछ खास नहीं कर सके। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए सेंटनर, टिम साउदी भी जल्दी आउट हो गए। काइल जेमिसन ने डेवोन कॉनवे के साथ मिलकर पारी संभालने की कोशिश की। लेकिन कॉनवे 20 गेंदों पर 17 रन बनाकर आउट हो गए।
जेमिसन ने सबसे ज्यादा 30 रनों की पारी खेली : ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर एडम जम्पा ने सोढ़ी और केन रिचर्डसन ने जेमिसन को आउट कर न्यूजीलैंड की पारी को 106 रन पर समेट दिया। जेमिसन ने 18 गेंदों पर 30 रन की पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया की ओर से केन ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। वहीं, जम्पा, मैक्सवेल और एश्टन एगर को 2-2 विकेट मिले।