
मेगन शट (32 रन पर चार विकेट) और निकोला कैरी (34 रन पर तीन विकेट) की शानदार गेंदबाजी के बाद ओपनर एलिसा हीली (65), एलिस पैरी (नाबाद 56) और एश्लेग गाडर्नर (नाबाद 53) के शानदार अर्धशतकों से ऑस्ट्रेलिया ने मेजबान न्यूज़ीलैंड को पहले महिला वनडे में रविवार को छह विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड के बीच इससे पहले तीन मैचों की टी-20 सीरीज 1-1 से बराबर रही थी।
वनडे सीरीज के पहले मैच में न्यूज़ीलैंड की टीम टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 48.5 ओवर में 212 रन पर सिमट गयी। न्यूज़ीलैंड की तरफ से ओपनर लॉरेन डाउन ने 134 गेंदों में आठ चौकों के सहारे सर्वाधिक 90 रन बनाये। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से मेगन शट ने चार विकेट निकाले जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।
ऑस्ट्रेलिया के लिए एलिस पैरी और एश्लेग गाडर्नर ने पांचवें विकेट के लिए 79 रन की मैच विजयी अविजित साझेदारी की। पैरी ने 79 गेंदों पर नाबाद 56 रन में सात चौके लगाए जबकि गाडर्नर ने 41 गेंदों पर नाबाद 53 रन में तीन चौके और तीन छक्के लगाए। ऑस्ट्रेलिया ने 38.3 ओवर में चार विकेट पर 215 रन बनाकर मैच समाप्त कर दिया।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website