Wednesday , March 4 2026 6:54 AM
Home / Sports / EURO 2020 : हैरी केन के डबल धमाल से इंग्लैंड ने यूक्रेन को 4-0 से रौंदा, सेमीफाइनल में डेनमार्क से टक्कर

EURO 2020 : हैरी केन के डबल धमाल से इंग्लैंड ने यूक्रेन को 4-0 से रौंदा, सेमीफाइनल में डेनमार्क से टक्कर

कप्तान हैरी केन (Harry Kane) के डबल धमाल से इंग्लैंड ने यूक्रेन को हराकर यूरो कप 2020 (Euro 2020) के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है जहां उसका सामना डेनमार्क से होगा। एक अन्य क्वार्टर फाइनल में डेनमार्क ने चेक गणराज्य को 2-1 से पराजित किया।
शनिवार देर रात खेले गए आखिरी क्वार्टर फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड ने यूक्रेन (England vs Ukraine) को 4-0 से पराजित किया। इंग्लैंड ने मुकाबले की शुरुआत से यूक्रेन पर दबाव बनाए रखा जो अंत तक कायम रहा।
हैरी केन ने फ्रंट से टीम की अगुआई करते हुए मैच के चौथे मिनट में ही गोल कर इंग्लैंड को शुरुआत बढ़त दिला दी। पहले हाफ में इंग्लैंड की टीम 1-0 से आगे थी। मध्यांतर के बाद हैरी मैगुइर ने 46वें मिनट में शानदार गोल कर इंग्लैंड को 2-0 से आगे कर दिया।
इसके बाद हैरी केन ने 50वें मिनट में गोल कर इंग्लिश टीम को 3-0 की बढ़त दिला दी। ये हैरी केन का दूसरा गोल था। मैच के 62वें मिनट में हैंडरसन ने शानदार गोल कर अपनी टीम को 4-0 से आगे कर दिया। हैंडरसन का इंग्लैंड के लिए यह पहला गोल था।
इससे पहले एक अन्य क्वार्टर फाइनल मैच में डेनमार्क ने करिश्माई शुरुआत की। थॉमस डेलाने ने महज 5वें मिनट में ही गोल दाग दिया और टीम को 1-0 की अहम बढ़त दिला दी। कैस्पर ने 42वें मिनट में दूसरा गोल दाग दिया। 49वें मिनट में चेक गणराज्य के लिए पैट्रिक ने गोल जरूर दागा, लेकिन टीम की वापसी नहीं करा सके।
दो हार के साथ टूर्नामेंट की शुरुआत करने के बाद डेनमार्क ने अब अपने आखिरी तीन मैच जीतने में 10 गोल किए हैं। पहला सेमीफाइनल इटली और स्पेन के बीच खेला जाएगा। दोनों सेमीफाइनल मुकाबले लंदन में खेले जाएंगे।