
लेख : विवेक
23 जुलाई से टोक्यो में शुरू हो रहे 32वें ओलंपिक खेलों के लिए भारतीय एथलेटिक दल भी तैयार है… इस बार कुल 26 एथलीटों पर पदक जीतने की जिम्मेदारी होगी… इनमें से 16 एथलीट ऐसे हैं जो व्यक्तिगत स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे। टोक्यो ओलंपिक में भारतीय एथलीटों से जैवेलिन थ्रो और रिले रेस में बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीदें की जा रही हैं.
सबसे बड़ी जिम्मेदारी होगी जेवेलिन थ्रो में नीरज चोपड़ा पर जो पिछले साल चोट और सर्जरी की वजह से कई अंतर्राष्ट्रीय ईवेंट्स में हिस्सा नहीं ले सके थे… लेकिन अब वो पूरी तरह फिट दिखाई दे रहे हैं.
वहीं महिलाओं की 100 और 200 मीटर की जिम्मेदारी दुती चंद पर होगी। दुती को उनकी अंतर्राष्ट्रीय रैंकिंग की वजह से ओलंपिक में हिस्सा लेने की जिम्मेदारी मिली है.
वहीं मिश्रित 4×400 मीटर रिले में भारतीय दल से अधिक संभावनाएं दिखाई दे रही हैं… जिसमें दो पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं। सार्थक भांबरी, एलेक्स एंटनी के अलावा रेवती वीरमणि, सुभा वेंकटेशन और धनलक्ष्मी शेखर भी टीम में हैं। ये पहला मौका है जब ओलंपिक खेलों में महिलाओं और पुरुषों की मिश्रित ईवेंट को रखा गया है हालांकि वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में इसकी शुरुआत पहले ही हो चुकी है…
जबकि पुरुषों की 4×400 मीटर रिले में भी पदक की पूरी उम्मीदें हैं…इसमें अनुभवी एथलीटों में अमोज जैकब, अरोकिया राजीव, मोहम्मद अनस, नागनाथन पांडी, नूह निर्मल टॉम शामिल हैं…
पुरुषों की 3000 मीटर स्टीपलचेज़ में भारतीय उम्मीदें अविनाश साबले से होंगी जो कि दोहा में 2019 में हुई वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में सभी को प्रभावित कर चुके हैं…
फील्ड के ईवेंट्स में तीन ओंलपिक खेलों में शामिल हो चुकी सीमा अंतिल-पुनिया डिस्कस थ्रो में अपनी दावेदारी पेश करेंगी… महिलाओं की भाला फेंक में अन्नू रानी पर सभी की नजरें होगीं… इसके अलावा 20 किलोमीटर और 50 किलोमीटर वॉक में भी भारतीय एथलीट हिस्सेदारी लेंगे।
टोक्यो जा रहा भारतीय एथलेटिक दल इस प्रकार है –
पुरुष: अविनाश साबले (3000 मीटर स्टीपलचेज़); एमपी जाबिर (400 मीटर बाधा दौड़): एम श्रीशंकर (लंबी कूद); तजिंदरपाल सिंह तूर (शॉट पुट); नीरज चोपड़ा और शिवपाल सिंह (भाला फेंक); केटी इरफान, संदीप कुमार और राहुल रोहिल्ला (20 किमी वॉक) और गुरप्रीत सिंह (50 किमी वॉक); 4×400 मीटर रिले: अमोज जैकब, अरोकिया राजीव, मोहम्मद अनस, नागनाथन पांडी, नूह निर्मल टॉम; 4×400 मीटर मिक्स्ड रिले: सार्थक भांबरी, एलेक्स एंटनी।
महिला: दुती चंद (100 मीटर और 200 मीटर); कमलप्रीत कौर और सीमा अंतिल-पुनिया (डिस्कस थ्रो) और अन्नू रानी (भाला फेंक); भावना जाट और प्रियंका गोस्वामी (20 किमी वॉक) और (मिश्रित 4×400 मीटर रिले): रेवती वीरमणि, सुभा वेंकटेशन और धनलक्ष्मी शेखर।
लेख : विवेक
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website