
अनुभवी शाकिब अल हसन की नाबाद 96 रन की पारी के दम पर बांग्लादेश ने दूसरे एकदिवसीय मैच में जिम्बाब्वे को 3 विकेट से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला में 2-0 की अजेय बढत हासिल कर ली। शाकिब ने 109 गेंद की नाबाद पारी में 8 चौके लगाए। उन्होंने इससे पहले गेंदबाजी भी कमाल किया और 10 ओवर में 42 रन देकर दो विकेट चटकाए। जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्ले माधेवेरे (56) की अर्धशतकीय पारी से नौ विकेट पर 240 रन बनाए। टीम के लिए कप्तान ब्रेंडन टेलर ने भी 46 रन का योगदान दिया।
बांग्लादेश के लिए शरिफुल इस्लाम ने 46 रन देकर 4 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते समय बांग्लादेश लगातार अंतराल पर विकेट गंवाता रहा। टीम 39वें ओवर में 173 रन पर 7वां विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही थी लेकिन मैन ऑफ द मैच शाकिब एक छोर पर डटे रहे। उन्होंने मोहम्मद सौफुद्दीन (नाबाद 28) के साथ 8वें विकेट के लिए 69 रन की अटूट साझेदारी कर पांच गेंद शेष रहते टीम को जीत दिला दी। आईसीसी पुरुष विश्व कप सुपर लीग 2020-2022 के तहत खेले जा रहे इस मैच में जीत से बांग्लादेश को 10 अंक मिले जिससे 11 मैचों में उसके 70 अंक हो गए और टीम तालिका में इंग्लैंड के बाद दूसरे स्थान पर है। श्रृंखला का तीसरा मैच 20 जुलाई को खेला जाएगा।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website