
रविवार को रक्षाबंधन का दिन था। इस मौके पर मुंबई इंडियंस ने क्रिकेटर अर्जुन तेंडुलकर का एक वीडियो साझा किया है जिसमें वह अपनी बहन सारा से मोबाइल पर बात कर रहे हैं।
महान क्रिकेटर सचिन तेंडुलकर के बेटे अर्जुन को मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2021 की नीलामी में मुंबई इंडियंस ने 20 लाख के बेस प्राइस पर खरीदा था।
रविवार को मुंबई इंडियंस ने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो साझा किया जिसमें अर्जुन और कुछ अन्य क्रिकेटर अपनी बहनों के साथ बात कर रहे थे।
सारा ने बातचीत के दौरान याद दिलाया कि अर्जुन ने पिछले साल भी रक्षाबंधन का तोहफा नहीं दिया था। इसके बाद कुछ हंसी की आवाजें बैकग्राउंड में सुनाई देने लगीं। अर्जुन ने हंसते हुए जवाब दिया, ‘ठीक है, तो इस बार मैं तुम्हें दो तोहफे दूंगा।’
अर्जुन के अलावा अनमोलप्रीत सिंह, गेंदबाज युद्धवीर सिंह और विकेटकीपर-बल्लेबाज आदित्य तारे ने भी अपनी बहनों से बात की।
मुंबई इंडियंस की टीम ने हाल ही में यूएई में अपना क्वॉरंटीन पूरा किया है और वह शुक्रवार से अगले सीजन के लिए अपनी प्रैक्टिस शुरू कर देगी।
आईपीएल की बात करें तो बीते साल की चैंपियन मुंबई ने भारत में हुए आईपीएल 2021 के पहले चरण में सात में से चार मैच जीते हैं और तीन हारे हैं। टीम फिलहाल चौथे स्थान पर है। हालांकि मुंबई की टीम हमेशा स्लो-स्टार्टर मानी जाती है। वह टूर्नमेंट के साथ-साथ रफ्तार पकड़ती है। आईपीएल का दूसरा चरण यूएई में खेला जाएगा और मुंबई ने 2020 का सीजन वहीं जीता था।
IPL 2021 के दूसरे चरण की शुरुआत 19 सितंबर से होगी। पहला मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच ही खेला जाएगा। रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम ने आईपीएल के पांच खिताब जीते हैं। वह आईपीएल की सबसे कामयाब टीम है।
Home / Sports / रक्षाबंधन पर अर्जुन तेंडुलकर ने की बहन से बात, सारा ने दिलाया याद पिछले साल भी नहीं दिया था गिफ्ट
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website