Wednesday , March 4 2026 9:55 AM
Home / Sports / क्रिकेट के लिए कैसा रहा साल 2021

क्रिकेट के लिए कैसा रहा साल 2021

लेख : विवेक शर्मा

वर्ष 2021 की क्रिकेट की सुर्खियों में कई खबरें छाई रहीं लेकिन इस वर्ष की सबसे बड़ी उपलब्धि रही ऑस्ट्रेलिया की सरजमीं पर टीम इंडिया की टेस्ट में जीत। बिना कप्तान विराट कोहली की मौजूदगी के बावजूद नए खिलाड़ियों ने ऑस्ट्रेलिया को उन्हीं के घर में शिकस्त देने का यादगार लम्हा क्रिकेट प्रेमियों के सामने रखा।

इस वर्ष आयोजित हुए दो प्रमुख टूर्नामेंट में यूएई में हुए टी-20 वर्ल्ड क्रिकेट का खिताब ऑस्ट्रेलिया के नाम रहा। टीम इंडिया का सफर सेमीफाइनल के पहले ही समाप्त हो गया। वहीं टीम इंडिया के कोच रवि शास्त्री का कार्यकाल खत्म हो गया और उनकी जगह राहुल द्रविड़ ने राष्ट्रीय कोच का पदभार संभाला। वहीं टी-20 और वनडे टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी से विराट कोहली मुक्त हो गए। और रोहित शर्मा को टी-20 टीम की कमान मिली। टेस्ट टीम की कमान विराट कोहली के पास ही रही। आईसीसी के दूसरे प्रमुख टूर्नामेंट में टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब न्यूजीलैंड के नाम रहा। फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड ने टीम इंडिया को हराकर पहली बार टेस्ट चैंपियनशिप के खिताब पर कब्जा जमाया हालांकि इस फाइनल में टीम इंडिया दुनिया की नंबर वन टीम के रुप में ही उतरी थी।

वर्ष के आखिर में आते-आते न्यूजीलैंड के स्पिन गेंदबाज एजाज़ पटेल ने टेस्ट मैच की एक पारी में 10 विकेट लेकर नया रिकार्ड बनाया और वे ऐसा करने वाले जिम लेकर और अनिल कुंबले के बाद दुनिया के तीसरे गेंदबाज बन गए।

वहीं रविचंद्रन अश्विन के लिए ये साल बड़ी कामयाबी लेकर आया। पिछले दिनों टेस्ट मैचों में रविचंद्रन अश्विन सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की फेहरिस्त में 12वें नंबर पर आ गए। अब तक खेले गए 81 टेस्ट मैचों में अश्विन के 427 विकेट हो गए हैं। दुनिया के टॉप 10 गेंदबाजों की बात की जाए सबसे पहला नाम श्रीलंका के मुथैया मुरलीधरन का है जिन्होंने टेस्ट मैचों में सबसे ज्यादा 800 विकेट लिए हैं, इसके बाद शेन वार्न के नाम 708 और अनिल कुंबले के नाम 619 विकेट दर्ज हैं। 427 विकेट लेने वाले अश्विन भी अगले कुछ दिनों में कपिल देव के 434 विकेटों के रिकार्ड से आगे निकल सकते हैं और टॉप 8 गेंदबाजों में शामिल हो सकते हैं।

वर्ष 2021 में महेन्द्र सिंह धौनी की कप्तानी में एक बार फिर चेन्नई टीम ने आईपीएल का खिताब जीता। इसके अलावा वर्ष 2021 में बैंगलुरू स्थित एनसीए की कमान वीवीएस लक्ष्मण के हाथों में चली गई। राहुल द्रविड़ के राष्ट्रीय कोच बनने के बाद लक्ष्मण को ये जिम्मेदारी मिली है। साथ ही वर्ष 2021 में ही भारतीय टीम को रोहित शर्मा और के एल राहुल के रुप में नए ओपनिंग जोड़ी मिली। दोनों ही बल्लेबाज शानदार फॉर्म में है लिहाजा टेस्ट में अच्छी शुरुआत से टीम के जीत के रास्ते खुल जाते हैं।

अब उम्मीद यही की जा रही है कि वर्ष 2022 में भारतीय टीम को और अधिक विजय मिले और अगले साल ऑस्ट्रेलिया में होने वाला टी-20 वर्ल्ड कप रोहित शर्म की कप्तानी में टीम इंडिया जीत सके।

लेख : विवेक शर्मा