Wednesday , March 4 2026 4:48 AM
Home / Sports / दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेटर जुबैर हमजा को ICC ने किया सस्पेंड

दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेटर जुबैर हमजा को ICC ने किया सस्पेंड


दक्षिण अफ्रीका के क्रिकेटर जुबैर हमजा पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने अस्थायी प्रतिबंध लगा दिया है. वह टूर्नामेंट से इतर डोप टेस्ट में नाकाम रहे जिसके बाद शुक्रवार को क्रिकेट की इस वैश्विक संस्था ने उन्हें सस्पेंड करने का फैसला किया. हमजा के डोप टेस्ट के लिए नमूना 17 जनवरी को लिया गया था. उन्हें प्रतिबंधित दवा फुरोसेमाइड के सेवन का दोषी पाया गया.
आईसीसी की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, ‘आईसीसी ने दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज जुबैर हमजा को डोपिंग निरोधक नियम के उल्लंघन के कारण अस्थायी तौर पर निलंबित कर दिया है. उन्हें 17 जनवरी 2022 को हुई जांच में फुरोसेमाइड के सेवन का दोषी पाया गया. अनुशासनात्मक कार्रवाई पूरी होने तक वह निलंबित रहेगे.’
आईसीसी ने कहा कि हमजा के खिलाफ कार्रवाई जारी है. इस मामले में आगे कोई बयान नहीं दिया जाएगा. 26 साल के जुबैर ने अपने करियर में अभी तक 6 टेस्ट और एक वनडे मैच खेला है. उन्होंने साल 2019 में पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट से अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था. पिछले साल उन्होंने दक्षिण अफ्रीका ए के लिए खेलते हुए भारत ए के खिलाफ 125 रन की नाबाद पारी खेली थी. वह अपने करियर में 78 फर्स्ट क्लास मैचों में 13 शतक और 26 अर्धशतक लगा चुके हैं जिसमें नाबाद 222 रन उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर है.