
वाशिंगटन:अमरीका ने आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट के दुर्दांत प्रमुख अबू बकर अल-बगदादी की गिरफ्तारी हेतु अहम सुराग देने वाले के लिए इनाम राशि दोगुनी से अधिक बढ़ाकर 2.5 करोड़ डालर कर दी है।
अमरीकी विदेश विभाग ने एक बयान जारी कर इस्लामिक स्टेट इन इराक एंड सीरिया(आई.एस.आई.एस)के इस स्वयंभू खलीफा के लिए इनाम 2.5 करोड़ डालर करने की घोषणा की।इतना ही इनाम वर्ष 2011 में आेसामा बिन लादेन के लिए घोषित किया गया था लेकिन उसी साल मई में नौसेना के सील कमांडो के दल के हाथों पाकिस्तान में इस अलकायदा नेता के मारे जाने के बाद यह इनाम किसी को नहीं मिल पाया था।
विदेश विभाग ने अपने बयान में कहा,‘‘होमलैंड और अमरीकी जनता की रक्षा करना हमारी शीर्ष आतंकवाद निरोधक प्राथमिकता है,चूंकि अब हमने आई.एस.आई.एल (आई.एस.आई.एस का दूसरा नाम)के खिलाफ अपना प्रयास तेज कर दिया है, एेसे में हम उसके नेतृत्व के बारे में सूचना हासिल करने एवं उसे न्याय के कठघरे में खड़ा करने के लिए अपने पास उपलब्ध साधन बढ़ा रहे हैं।’’
विभाग के इंसाफ इनाम कार्यक्रम ने अपनी वेबसाइट पर कहा है,‘‘अल बगदादी से जो खतरा है,उसके चलते विदेश विभाग ने 2011 में उसके ठिकाने,गिरफ्तारी एवं अभियोजन के संबंध में सूचना देने के लिए जो 1 करोड़ डालर का इनाम घोषित किया गया था,उसकी राशि काफी बढा दी गई है।’’उसने कहा,‘‘बगदादी के नेतृत्व में आई.एस.आई.एल पश्चिम एशिया में हजारों नागरिकों की मौत के लिए जिम्मेदार है,उन लोगों में जापान,ब्रिटेन और अमरीका के कई नागरिक बंधकों की नृशंस हत्या भी शामिल है।’’
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website