
चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की बल्लेबाजी देखने के लिए फैंस का उत्साह चरम पर रहता है। हालांकि आईपीएल 2023 में उन्हें इतना बल्लेबाजी करते हुए नहीं देखा गया। वह बल्लेबाजी करने के लिए बैटिंग ऑर्डर में काफी नीचे आने लगे हैं, जिसके चलते या तो कभी उनकी बल्लेबाजी नहीं आती या फिर वह बस एक या दो बॉल ही खेल पाते हैं। लेकिन दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ माही बल्लेबाजी करने भी आए और उनका हमें विंटेज रूप भी देखने को मिला जिसके लिए वह जाने जाते हैं। इतना ही नहीं बल्कि मैच के बाद उनकी बेटी जीवा भी मैदान में दिखाई दी। धोनी और बेबी जीवा की एक फोटो भी सोशल मीडिया पर अब वायरल हो रही है।
बेस्ट फिनिशर के नाम से मशहूर महेंद्र सिंह धोनी ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ एक बार फिर अपने पुराने दिनों की तरह ताबड़तोड़ बैटिंग की। धोनी ने अंत में आकर विस्फोटक अंदाज में चेन्नई की पारी को समाप्त किया। बस इसी के चलते अब धोनी चर्चा में बने हुए हैं। माही ने 222 के तूफानी स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 9 गेंद में 20 रन जड़ दिए, जिसमें उनके बल्ले से 2 गगनचुंबी छक्के और 1 चौका भी देखने को मिला। धोनी की इस विध्वंसक पारी की बदौलत ही चेन्नई, दिल्ली कैपिटल्स को 168 रन का लक्ष्य देने में सफल हो पाई।
आपको बता दें कि चेन्नई सुपर किंग्स का मैच देखने एमएस धोनी की वाइफ साक्षी धोनी और उनकी बेटी जीवा भी आईं हुई थी। ऐसे में चेन्नई के मैच जीतने के बाद जीवा मैदान पर भी नजर आई। जीवा के मैदान पर आने के बाद डैडी धोनी और जीवा के बीच एक क्यूट मोमेंट भी देखा गया, जिसको कैमरामैन ने कैमरा में कैद कर लिया। दरअसल, मैच के बाद माही और जीवा एक दूसरे को गले लगाते हुए नजर आए। दोनों की मैच के बाद की एक फोटो भी सामने आई है।
चेन्नई ने 27 रन से जीता मैच – चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 167 रन बना दिए। चेपॉक की मुश्किल विकेट पर इतने रन डेविड वॉर्नर की दिल्ली कैपिटल्स को हराने के लिए काफी रहे। दिल्ली 168 रन के टारगेट का पीछा करते हुए 8 विकेट के नुकसान पर 140 रन ही बना पाई और 27 रन से मुकाबला हार गई। यह कैपिटल्स की इस सीजन खेले गए 11 मैचों में से 7वीं हार थी। उनका अब प्लेऑफ में पहुंचने का सपना लगभग टूट गया है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website