Sunday , April 26 2026 2:20 PM
Home / News / पाकिस्‍तान गई अंजू को मिला एक साल का वीजा, कहीं आईएसआई की साजिश तो नहीं, भारतीय पति के बयान से गहराया शक

पाकिस्‍तान गई अंजू को मिला एक साल का वीजा, कहीं आईएसआई की साजिश तो नहीं, भारतीय पति के बयान से गहराया शक


भारत से पाकिस्‍तान गई अंजू अब एक साल के लिए वहीं रहेगी। पाकिस्‍तान की सरकार ने उसका वीजा एक साल के लिए बढ़ा दिया है। अंजू जो अपने फेसबुक फ्रेंड नसरुल्‍ला से मिलने पाकिस्‍तान गई थी, उसके बारे में रक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि वह आईएसआई के इशारों पर चल रही है। भारत में उसके पति अरविंद ने भी मीडिया से बात करके इस बात पर आशंका जताई है। माना जा रहा है कि आईएसआई भारत आई पाकिस्‍तानी नागरिक सीमा हैदर का बदला अंजू के जरिए ले रही है। कुछ दिनों पहले खबर आई थी कि अंजू का वीजा दो महीने के लिए बढ़ाया गया है और अब उसका वीजा एक साल तक के लिए बढ़ गया है।
मोबाइल नहीं यूज कर पा रही अंजू! – अंजू के भारतीय पति अरविंद ने एक न्‍यूज चैनल से बातचीत में कुछ ऐसी बातें कही हैं जिनसे पाकिस्‍तान की मंशा पर शक होता है। अरविंद ने बताया है कि उनकी अंजू से तीन दिन पहले ही बात हुई थी। वह ऑनलाइन आती थी, उन्‍हें मैसेज करती थीं और फिर मैसेज डिलीट कर दे रही थी। अरविंद की मानें तो अंजू के आसपास कुछ लोग हैं जो उन पर नजर रख रहे हैं। अंजू ऐसे में मोबाइल फोन भी प्रयोग नहीं कर पा रही हैं। जहां नसरुल्‍ला हर पल पाकिस्‍तान की मीडिया के सामने आता है तो अंजू की सिर्फ कुछ फोटोग्राफ्स ही आ रही हैं। अंजू ने कुछ दिनों पहले मीडिया के सवालों के जवाब दिए थे। मगर अब वह मीडिया से पूरी तरह से बच रही हैं।
20 अगस्‍त तक ही था वीजा – पिछले दिनों नसरुल्‍ला ने बताया था कि अंजू को दो महीने के लिए वीजा मिला है। लेकिन सोमवार को जब नसरुल्‍ला पाकिस्‍तानी गृह मंत्रालय के बाहर था तो उसने कहा कि अब अंजू को एक साल का वीजा विस्‍तार मिल गया है। अब वह एक साल के लिए वही रहेगी। अंजू कुछ दिनों पहले पाकिस्‍तान की राजधानी इस्‍लामाबाद गई थी। उसका वीजा सिर्फ 20 अगस्‍त तक के लिए वैध था। वीजा में उसे सिर्फ अपर दीर तक रहने की अनुमति मिली थी। लेकिन अब अंजू राजधानी इस्‍लामाबाद तक पहुंच गई है।
शादी की बात नहीं मान रही अंजू – नसरुल्ला की ख्‍वाहिश है कि भारत सरकार अंजू के बच्‍चों को पाकिस्‍तान भेज दे क्‍योंकि उनकी उम्र 15 साल से कम है। मगर उसके भारतीय पति अरविंद ने बच्‍चों को मुल्‍क भेजने से इनकार कर दिया है। अंजू ने वहां पर धर्म परिवर्तन कर लिया है और अब उसका नाम फातिमा है। नसरुल्‍ला के साथ उसका निकाह भी हो गया है। इस निकाह के बाद से ही अंजू को पाकिस्तानी व्यापारियों की तरफ से गिफ्ट में प्‍लॉट और कई लाख रुपए के चेक मिले हैं। हालांकि अंजू और नसरुल्‍ला ने भारत की मीडिया से बात करते समय शादी की बात से इनकार कर दिया था। लेकिन स्थानीय अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की थी। अंजू ने आज तक शादी की बात स्‍वीकार नहीं की है।