Friday , October 16 2026 5:03 PM
Home / Sports / यशस्वी जायसवाल के साथ एक और स्टार खिलाड़ी टीम से बाहर, रिप्लेसमेंट का भी हुआ ऐलान, उतारनी होगी नई ओपनिंग जोड़ी

यशस्वी जायसवाल के साथ एक और स्टार खिलाड़ी टीम से बाहर, रिप्लेसमेंट का भी हुआ ऐलान, उतारनी होगी नई ओपनिंग जोड़ी


ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे और अंगकृष रघुवंशी को गुरुवार को हिमाचल प्रदेश के खिलाफ रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप डी के अगले मुकाबले के लिए मुंबई की 16 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया। वानखेड़े स्टेडियम में चंडीगढ़ को पारी और 155 रन से हराकर सत्र का आगाज करने वाली मुंबई की टीम अपना दूसरा मुकाबला 18 से 21 अक्टूबर तक बिलासपुर में खेलेगी। इस मैच के लिए टीम के शीर्ष क्रम में बदलाव किए गए हैं।
आयुष म्हात्रे और जायसवाल क्यों हुए बाहर? – उपकप्तान आयुष म्हात्रे दाएं पैर की मांसपेशियों में चोट के कारण मुकाबले से बाहर रहेंगे। वहीं भारतीय ओपनिंग बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल न्यूजीलैंड में तीन मैच की अनौपचारिक टेस्ट सीरीज के लिए भारत ए टीम से जुड़ गए हैं। इन दोनों खिलाड़ियों की अनुपस्थिति के कारण हिमाचल प्रदेश के खिलाफ मुकाबले में मुंबई को नयी सलामी जोड़ी के साथ उतरना होगा।
इंडिया ए के लिए खेले थे शेडगे – सूर्यांश शेडगे हाल में ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ के खिलाफ तीन मैच की अनौपचारिक वनडे सीरीज में भारत ‘ए’ की ओर से खेले थे। मेजबान भारत ‘ए’ को इस सीरीज में 1-2 से हार का सामना करना पड़ा था। वहीं मुंबई की टीम को पूर्व कप्तान शार्दुल ठाकुर की सेवाएं भी नहीं मिलेंगी। वह अभ्यास के दौरान हाथ में चोट लगने के बाद अब भी वापसी की कोशिश में जुटे हैं।
हिमाचल प्रदेश के खिलाफ मुकाबले के लिए मुंबई की टीम : – सिद्धेश लाड (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी, सूर्यांश शेडगे, दिव्यांश सक्सेना, सरफराज खान, मुशीर खान, सुवेद पारकर, आकाश आनंद (विकेटकीपर), हार्दिक तामोरे (विकेटकीपर), शम्स मुलानी, तनुष कोटियान, अथर्व अंकोलेकर, तुषार देशपांडे, मोहित अवस्थी, सिल्वेस्टर डिसूजा और ओंकार तरमले।