Tuesday , September 8 2026 10:35 PM
Home / News / अमेरिका का ‘जिगरी यार’ ही निकला 9/11 अलकायदा हमले का मददगार, FBI की सबसे बड़ी नाकामी या छिपाया पाप?

अमेरिका का ‘जिगरी यार’ ही निकला 9/11 अलकायदा हमले का मददगार, FBI की सबसे बड़ी नाकामी या छिपाया पाप?


अमेरिका में हुए 9/11 आतंकी हमले को लेकर अब बड़ा खुलासा हुआ है। सीक्रेट फाइलों के खुलासे से पता चला है कि जिस संदिग्ध शख्स की किडनैपर्स से गहरे संबंधों की वजह से FBI ने पूछताछ की थी उसके सऊदी अधिकारियों से भी गहरे संबंध थे। बीबीसी ने जांच रिपोर्ट के आधार पर इसका खुलासा किया है। बीबीसी की रिपोर्ट में पहले कभी देखे नहीं गये वीडियो फुटेज की जांच के आधार पर कहा गया है कि उस संदिग्ध आरोपी को 9/11 आतंकी हमले के बहुत बाद अलकायदा के आतंकी अनवर अल-अवलाकी के साथ पेंटबॉल खेलते हुए देखा गया।
बीबीसी के मुताबिक वीडियो फुटेज में उमर अल-बायौमी को अलकायदा के आतंकी अवलाकी को गले लगाते हुए देखा गया है। हालांकि उमर अल-बायौमी ने वर्षों तक इस बात से इनकार किया कि अलकायदा से उसके संबंध हैं। इसके अलावा एक और वीडियो क्लिप में दोनों को सऊदी अरब के इस्लामिक मामलों के मंत्रालय के एक अधिकारी के साथ सैन डिएगो के पास पेंटबॉल खेलते हुए देखा जा सकता है।
FBI के पास थे सबूत फिर भी क्यों ढका सऊदी का पाप? – रिपोर्ट के मुताबिक ये वीडियो फुटेज एफबीआई को 2001 में 9/11 आतंकी हमले के कुछ ही दिनों के बाद मिल गये थे। यह फुटेज उस सबूत का हिस्सा है जिसे 9/11 पीड़ितों के परिवारों ने सऊदी अरब के खिलाफ 1 ट्रिलियन डॉलर के मुकदमे में पेश किया है। परिवारों का आरोप है कि उमर अल-बायौमी ने उन 19 हाईजैकर्स में से दो की मदद की थी जिन्होंने ये हमले किए थे। सऊदी अरब ने बार-बार किसी भी तरह की मिलीभगत से इनकार किया है।
अल-कायदा के भविष्य के नेता के साथ पेंटबॉलिंग – बायोमी 1994 में सऊदी अरब से सैन डिएगो आया था और उसने कहा था कि वह वहां अंग्रेजी पढ़ने आया है। बाद में कोर्ट के रिकॉर्ड से पता चला कि उसने अपनी पढ़ाई लगभग छोड़ दी थी और इसके बजाय मजहबी कार्यक्रम आयोजित करने में लगा हुआ था। बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक 1997 या 1998 की शुरुआत में शूट किए गए फुटेज में बायौमी, अलकायदा के भविष्य के आतंकी अवलाकी और दूसरे लोग मिलिट्री-स्टाइल पेंटबॉल कॉम्बैट में हिस्सा लेते हुए दिख रहे हैं। कुछ लोगों ने मिलिट्री जैसे कपड़े पहने थे जबकि कुछ लोग लड़ाई के लिए आगे बढ़ते हुए ‘अल्लाहु अकबर’ के नारे लगा रहे थे।