Thursday , May 21 2026 4:46 PM
Home / Business & Tech / Audio Leak से खुलासा, मेटा ने की कर्मचारियों की सीक्रेट निगरानी, AI को ट्रेनिंग देने के लिए बनाया मोहरा?

Audio Leak से खुलासा, मेटा ने की कर्मचारियों की सीक्रेट निगरानी, AI को ट्रेनिंग देने के लिए बनाया मोहरा?


मार्क जुकरबर्ग की कंपनी मेटा से जुड़ी हैरान करने वाली खबर सामने आई है। 8 हजार लोगों की छंटनी करने जा रही कंपनी का एक लीक ऑडियो सामने आया है। मीडिया रिपोर्टों में यह ऑडियो मार्क जुकरबर्ग की एक मीटिंग का बताया जाता है। खबरों पर भरोसा करें तो मेटा अपने ही कर्मचारियों पर एक खास सॉफ्टवेयर (MCI) से नजर रख रही थी। वह उन्हें काम करता हुआ देखकर उसका डेटा तैयार कर रही थी। माना जा रहा है कि इस डेटा का उपयोग मेटा के एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) को ट्रेनिंग देने के लिए हो रहा था। कंपनी ने कर्मचारियों को मोहरा बनाया। उन्हें भनक नहीं लगने दी।
TOI टेक की रिपोर्ट के अनुसार, 8 हजार कर्मचारियों की छंटनी शुरू करने से कुछ दिन पहले, मार्क जुकरबर्ग ने एक ऑल-हैंड्स मीटिंग (सभी कर्मचारियों की बैठक) बुलाई।
निगरानी को जुकरबर्ग ने ठहराया सही – रिपोर्ट के अनुसार, जुकरबर्ग ने मीटिंग में इस मॉनिटरिंग को सही ठहराया। कंपनी अपने कर्मचारियों के कीस्ट्रोक्स, माउस मूवमेंट और स्क्रीन एक्टिविटी को (MCI) सॉफ्टवेयर से रिकॉर्ड कर रही थी। मेटा ने यह बात अपने कर्मचारियों से इसलिए छुपाई ताकि अन्य कंपनियों को इनकी भनक ना लगे और वह इसकी नकल ना कर पाएं। लीक ऑडियो में जुकरबर्ग कहते हैं कि कर्मचारियों को हर बात बारीकी से बताना जरूरी नहीं है, जिसकी रणनीतिक वजहें हैं।
मेटा ने क्यों उठाया यह कदम? – जानकारी के अनुसार, एआई कंपनियां पिछले कई वर्षों से अपने एआई को ट्रेनिंग देने के लिए बाहरी कॉन्ट्रैक्टर्स पर निर्भर हैं। मेटा ने इसे थोड़ा अलग तरह से किया। अपने ही कर्मचारियों के काम करने के तरीके पर डेटा बनाने लगी। कंपनी का मानना है कि उसके कर्मचारी बाहरी कॉन्ट्रैक्टर्स से अधिक इंटेलिजेंट हैं।
मेटा को लगता है कि अगर किसी एआई को सीनियर इंजीनियर की तरह कोड तैयार करने हैं, तो उसे इंजीनियरों को काम करते हुए देखना होगा। मेटा को यह भी लग रहा है कि उसके एआई मॉडल मेटा कर्मचारियों से सीखेंगे तो अन्य कंपनियों के एआई मॉडलों की तुलना में अधिक समझदार होंगे।
कर्मचारियों में नाराजगी – कहा जा रहा है कि मेटा के निगरानी करने से कर्मचारी नाराज हैं। उन्हें इस बारे में बताया नहीं गया और इससे असहमत होने का विकल्प नहीं दिया। बताया जाता है कि जब कर्मचारियों काे इसके बारे में पता चला तो उन्होंने अपनी खुली नाराजगी जताई। नवभारत टाइम्स ऑनलाइन लीक ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है।