Thursday , February 6 2025 12:40 AM
Home / News / कैटेलोनिया की संसद ने खुद को स्पेन से अलग घोषित किया

कैटेलोनिया की संसद ने खुद को स्पेन से अलग घोषित किया


कैटेलोनिया की संसद ने आज स्पेन से आजादी और खुद के एक गणराज्य के तौर पर अस्तित्व में आने की घोषणा करते हुए इससे जुड़े प्रस्ताव को पारित कर दिया। आजादी की घोषणा वाले प्रस्ताव के पक्ष में 70 वोट आए, जबकि विपक्ष में 10 वोट पड़े। दो सदस्य मतदान से अनुपस्थित रहे। स्पेन का संवैधानिक कोर्ट जल्द ही इसे अवैध करार दे सकता है। कैटलोनिया के इस फैसले पर स्पेन के प्रधानमंत्री मेरियानो राजॉय ने देश के सभी लोगों से शांति कायम रखने की अपील की है।

कैटेलोनिया की 135 सदस्यीय संसद में मतदान से पहले विपक्षी सांसद वाकआउट कर गए। विपक्षी सदस्यों का कहना था कि इस घोषणा को स्पेन और विदेश से आधिकारिक मान्यता मिलने की संभावना नहीं है।
बता दें, स्पेन के दूसरे सबसे बड़े राज्य कैटेलोनिया में हिंसा के बीच हुए जनमत संग्रह में 90 प्रतिशत लोगों ने स्पेन से अलग होने के लिए वोट किया था। 75 लाख की आबादी वाले राज्य में लगभग 40 प्रतिशत लोगों ने जनमत संग्रह में भाग लिया। यहां 53 लाख रजिस्टर्ड वोटर्स हैं। कैटेलोनिया सरकार के प्रवक्ता जोर्डी टुरुल ने बताया कि लगभग 22 लाख मतों की गणना की गई, जिसमें करीब 20 लाख मत स्पेन से अलग होने के पक्ष में पड़े।