Sunday , May 17 2026 4:27 PM
Home / News / ‘ईरान के साथ सीजफायर पाकिस्तान पर एहसान’, डोनाल्ड ट्रंप ने चीन से वापसी पर किया बड़ा खुलासा

‘ईरान के साथ सीजफायर पाकिस्तान पर एहसान’, डोनाल्ड ट्रंप ने चीन से वापसी पर किया बड़ा खुलासा


अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ अप्रैल में हुए युद्धविराम को लेकर बड़ा खुलासा किया है। ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि उन्होंने पाकिस्तान पर एहसान के तौर पर ईरान के साथ युद्धविराम के लिए सहमति दी थी। इसके साथ ही अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान पर आगे बमबारी करने से साफ इनकार कर दिया। अमेरिका और इजरायल का ईरान के साथ युद्ध 28 फरवरी को शुरू हुआ था। 8 अप्रैल को दोनों पक्षों के युद्धविराम पर सहमति जताने के बाद हमले रोक दिए गए थे। दोनों पक्षों के बीच शांति के लिए पाकिस्तान ने मध्यस्थता की थी।
ट्रंप ने किया पाकिस्तान पर एहसान – ट्रंप ने यह टिप्पणी चीन यात्रा से अमेरिका लौटते समय एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बात करते समय की। ट्रंप ने कहा, “हमने देश दूसरे देश के अनुरोध पर युद्धविराम किया। इससे मुझे सचमुच फायदा होता, लेकिन हमने यह पाकिस्तान पर एक एहसान के तौर पर किया।” इस दौरान ट्रंप ने पाकिस्तान आर्मी चीफ फील्ड मार्शल असीम मुनीर और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को शानदार व्यक्ति बताया।
अमेरिका-ईरान के बीच पाकिस्तान बना बिचौलिया – वरिष्ठ राजनयिक सूत्रों का कहना है कि पाकिस्तान ने सीजफायर में भूमिका निभाई थी। अप्रैल की शुरुआत में पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने ईरान के महत्वपूर्ण प्रस्ताव को तेजी से वॉशिंगटन तक पहुंचाया था। ट्रंप का अब सार्वजनिक रूप से स्वीकार करना यह साबित करता है कि पाकिस्तान के संदेशवाहक बनने ने गतिरोध को तोड़ा, जिससे युद्धविराम की स्थिति बनी। पाकिस्तान ने इस सीजफायर को अपनी एक कूटनीतिक जीत के रूप में पेश किया है।
ईरान के यूरेनियम पर ट्रंप की नजर – ट्रंप ने एक बार फिर दोहराया कि वह ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देंगे और वह संवर्धित यूरेनियम भी वापस लेंगे, जिसे तेहरान ने पिछले कई सालों में जमा किया है। अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षकों का कहना है कि ईरान के पास 450 किलोग्राम से ज्यादा संवर्धित यूरेनियम है। यह 60% एनरिच्ड माना जाता है।
ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी हवाई हमलों में ईरान की भूमिगत परमाणु सुविधाओं को नुकसान पहुंचा है और वे परमाणु ईंधन को वापस निकालने की स्थिति में नहीं है। ट्रंप ने कहा कि वे यूरेनियम को हटा नहीं सकते, क्योंकि उनके पास इसे हटाने की तकनीक नहीं है।