
चीन को अपने J-10C फाइटर जेट से रनवे और पुलों पर हमले के लिए सस्ती मिसाइल का विकल्प मिल गया है। ऐसा इसलिए कहा जा रहा है क्योंकि पहली बार इस जेट पर ऐसी मिसाइल लगी दिखी है, जो रूस की Kh-29T एयर-टू-सरफेस मिसाइल का चीनी संस्करण (मॉडिफाइड वर्जन) लगती है। चीनी सरकारी ब्रॉडकास्टर CCTV के सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किए गए वीडियो में 4.5-जनरेशन के चीनी फाइटर जेट J-10C के नीचे यह मिसाइल इसके उड़ान भरते वक्त देखी गई है।
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के अनुसार, 2000 के दशक की शुरुआत में चीन ने रूस से Su-30MKK मल्टी-रोल स्ट्राइक फाइटर विमानों के साथ करीब 2,000 Kh-29T मिसाइलें आयात की थीं। इस मॉडिफाइड मिसाइल को कुछ साल पहले चीन के JH-7A फाइटर-बॉम्बर पर और मई में J-16 फाइटर पर देखा गया था।
क्या है Kh-29T का इस्तेमाल – करीब 685 किलोग्राम वजनी और 320 किलोग्राम के भारी आर्मर-पियर्सिंग हाई-एक्सप्लोसिव वॉरहेड वाली Kh-29T मिसाइल को खासतौर पर बंकरों, पुलों, रनवे और समुद्री जहाजों जैसे मजबूत लक्ष्यों पर सटीक हमला करने के लिए डिजाइन किया गया था। इसकी मारक क्षमता 10 से 30 किलोमीटर के दायरे में है। Kh-29 मिसाइल 1980 में सोवियत वायु सेना में शामिल हुई थी। यूक्रेन युद्ध के दौरान भी इसे Su-34 विमानों से दागा गया।
चीनी सोशल मीडिया के अनुसार, J-10C पर लगी इस मॉडिफाइड मिसाइल में रूस के मूल वर्जन के बजाय एक अपग्रेडेड इमेजिंग इन्फ्रारेड सीकर लगा है। J-10 एक मध्यम वजन वाला, सिंगल-इंजन मल्टी-रोल लड़ाकू विमान है। यह पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) का सबसे बड़ी संख्या वाला फाइटर विमान है, जिसके 600 एयरफ्रेम अभी सेवा में हैं।
अब तक KD-88 चीन की ताकत – J-10C का उन्नत संस्करण नियमित अभ्यास करता है, जिसमें ताइवान के पास गश्त शामिल है। इसे ताइवान स्ट्रेट में संभावित संघर्ष के लिए उपयोगी विमान माना जाता है। यह लंबे समय तक हवाई प्रभुत्व बनाए रखने, J-20 और J-16 लड़ाकू विमानों के साथ मिलकर उड़ान भरने और दुश्मन की एयर डिफेंस सिस्टम को नष्ट करके आगे हमले करने में सक्षम है।
Kh-29 के आने से पहले J-10C का मुख्य लैंड-अटैक (जमीनी हमलों के लिए) हथियार KD-88 (कॉन्गडी-88) था। यह स्टैंड-ऑफ क्रूज मिसाइल है, जिसकी ऑपरेशनल रेंज 200 किमी से ज्यादा है। यह लड़ाकू विमान कई तरह की एयर-टू-एयर (हवा से हवा में मार करने वाली) और एंटी-शिप (जहाज-रोधी) मिसाइलें भी ले जा सकता है।
Home / News / चीन को पुलों-बंकरों पर हमले के लिए मिला नया हथियार, J-10C में दिखी रूसी मूल की Kh-29 मिसाइल
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website