Tuesday , May 26 2026 11:38 AM
Home / News / चीन को भी हो रहा नुकसान’, होर्मुज संकट पर ईरान ने जिनपिंग से मांगी मदद, ट्रंप के बीजिंग दौरे पर कही ये बात

चीन को भी हो रहा नुकसान’, होर्मुज संकट पर ईरान ने जिनपिंग से मांगी मदद, ट्रंप के बीजिंग दौरे पर कही ये बात


ईरान के उप विदेश मंत्री डॉ. काजेम गरीबाबादी ने कहा है कि उन्हें उम्मीद है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात के दौरान शी जिनपिंग होर्मुज संकट के समाधान के लिए जोर देंगे। गरीबाबादी ने यह टिप्पणी डोनाल्ड ट्रंप के बीजिंग पहुंचने के बाद आई है। डोनाल्ड ट्रंप बुधवार को बीजिंग पहुंचे हैं, जहां वे अपने चीनी समकक्ष राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात करेंगे। गरीबाबादी ने कहा कि होर्मुज में नाकेबंदी के कारण चीन को भी नुकसान हो रहा है, इसलिए इसका समाधान चीन के हित में भी है।
चीन से क्या चाहता है ईरान? – जब ईरानी उप विदेश मंत्री से पूछा गया कि ईरान को शी और ट्रंप के शिखर सम्मेलन से क्या उम्मीद है, तो उन्होंने CNN-News18 को बताया कि चीन समेत सभी देश (अमेरिका की) आक्रामकता और होर्मुज जलडमरूमध्य में बनी स्थिति के कारण नुकसान उठा रहे हैं। उन्होंने आगे कहा, “हमें चीन से सीधे कुछ भी कहने की जरूरत नहीं है। ईरान और चीन के बीच बहुत गहरे और पुराने संबंध हैं।”
गरीबाबादी ने एक बार फिर दोहराया कि होर्मुज संकट के चलते दुनिया भर में ईंधन की बढ़ी कीमतों के लिए ईरान नहीं, बल्कि अमेरिका जिम्मेदार है। इसके साथ ही उन्होंने साफ किया कि ईरान भविष्य में भी होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों से टोल वसूलना जारी रखेगा।
होर्मुज में टोल को लेकर ईरानी उप विदेश मंत्री ने कहा कि ईरान केवल उन सेवाओं के लिए शुल्क ले रहा है, जो दी जा रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान ने किसी अंतरराष्ट्रीय समझौते पर हस्ताक्षर नहीं किए हैं, इसलिए उस पर कोई बाध्यता नहीं है। लेकिन साथ ही कहा कि तेहरान अंतरराष्ट्रीय कानून से बाहर नहीं जाएगा।
होर्मुज पार कर सकते हैं 11 जहाज – गरीबाबादी ने भारत और ईरान के बीच अच्छे संबंधों का हवाला दिया और उम्मीद जताई कि 11 भारतीय जहाज जल्द ही होर्मुज से गुजर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जो देश हमलावर का साथ देंगे, उनके जहाजों को वहां से गुजरने में मुश्किल होगी। ईरान के विदेश मंत्री ने दोहराया कि ईरान परमाणु हथियारों समेत सभी मुद्दों पर बातचीत के लिए तैयार है।