Tuesday , April 28 2026 7:23 AM
Home / News / Elon Musk ने कहा, ‘एलियन बनाकर गए पिरामिड’, सीधे मिस्र से आया बुलावा

Elon Musk ने कहा, ‘एलियन बनाकर गए पिरामिड’, सीधे मिस्र से आया बुलावा


Tesla और SpaceX कंपनियों के मालिक, बिजनसमैन और अपने मजाकिया अंदाज के लिए मशहूर Elon Musk का एक ट्वीट इस बार फिर चर्चा में है। स्पेस में अपने क्राफ्ट भेजने वाले मस्क ने ट्वीट कर दिया कि मिस्र के पिरामिड एलियन्स ने बनाए थे। दिलचस्प बात यह रही है कि मस्क को अब ये पिरामिड देखने और इनके बारे में जानने के लिए मिस्र से बुलावा तक आ गया है।

आकर पिरामिड और मकबरे देखें मस्क
मस्क के ट्वीट के जवाब में मिस्र की अंतरराष्ट्रीय को-ऑपरेशन मिनिस्टर रनिया अल-मसहत का कहना है कि पिरामिड बनाने वालों के मकबरे देखकर इस बात का सबूत मिल सकता है कि इन्हें एलियन्स ने नहीं बनाया है। रनिया ने मस्क के ट्वीट का जवाब देते हुए कहा है कि वह मस्क के काम को फॉलो भी करती हैं और उसकी सराहना भी करती हैं। आगे उन्होंने मस्क से अपील की है कि वह मिस्र आएं और इन्हें देखें।

मस्क ने ट्वीट किया था कि पिरामिड एलियन्स ने बनाए हैं। हालांकि, मस्क ने यह बात मजाक में ही होगी क्योंकि इसके बाद उन्होंने विकीपीडिया का लिंक शेयर करते हुए ग्रेट पिरामिड को 3800 साल में बनाए जाने की बात कही है। वहीं एक और ट्वीट में उन्होंने शेयर किया है कि ये पिरामिड कैसे बनाए थे।

‘काफी चर्चित है एलियन थिअरी’
आपको बता दें कि मिस्र के पिरामिड को लेकर यह काफी चर्चित थिअरी है कि इसे इंसानों ने नहीं, एलियन्स ने बनाया था। हालांकि, जाहिर है, इसका न कोई सबूत है और इसे कॉन्सपिरेसी थिअरी ही माना जाता है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि 1990 में जिन पिरामिड की खोज की गई थी वे इस बात का सबूत हैं कि इन्हें मिस्र के लोगों ने ही बनाया था।